Met Gala 2026: फैशन जगत के सबसे बड़े इवेंट्स में शामिल मेट गाला की शुरुआत हो चुकी है और रेड कार्पेट पर दुनिया भर के सितारों का आना लगातार जारी है। इस बार भारत की तरफ से भी कई चर्चित चेहरे इस ग्लोबल इवेंट का हिस्सा बने हैं, जिनमें ईशा अंबानी और फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा फिल्ममेकर करण जौहर ने भी इस बार मेट गाला में अपना डेब्यू किया है। उन्होंने अपने करीबी दोस्त मनीष मल्होत्रा के कलेक्शन का आउटफिट पहनकर रेड कार्पेट पर एंट्री ली। वहीं ईशा अंबानी का लुक भी इस इवेंट में खूब चर्चा में रहा।

करण जौहर का मेट गाला डेब्यू और राजा रवि वर्मा की झलक
करण जौहर ने पहली बार मेट गाला के रेड कार्पेट पर कदम रखा। इस खास मौके पर उन्होंने मनीष मल्होत्रा के डिजाइन किए हुए आउटफिट को चुना। उनके इस लुक के जरिए भारतीय कला और विरासत के महान चित्रकार राजा रवि वर्मा की झलक पेश की गई। करण जौहर की इस पूरी स्टाइलिंग को ईश लखानी ने तैयार किया था, जिससे उनका लुक और भी खास बन गया।

ईशा अंबानी का गोल्डन साड़ी लुक
मेट गाला 2026 में ईशा अंबानी का लुक भारतीय परंपरा और लग्जरी का शानदार मेल दिखाता है। वह गोल्डन रंग की खूबसूरत साड़ी और आकर्षक केप में रेड कार्पेट पर नजर आईं। वोग इंडिया के अनुसार, यह साड़ी डिजाइनर गौरव गुप्ता ने तैयार की थी और इसे भारत के कुशल कारीगरों ने सोने के धागों से हाथ से बुना था। उनके आउटफिट में हाथ से सिली गई ज्वैलरी भी शामिल थी, जो सीधे उनके ब्लाउज से जुड़ी हुई थी। खास बात यह रही कि ईशा ने अपनी मां नीता अंबानी के ज्वैलरी कलेक्शन को भी इस लुक के साथ कैरी किया।

Met Gala 2026: मनीष मल्होत्रा का अनोखा डिजाइन
डिजाइनर मनीष मल्होत्रा लगातार दूसरे साल मेट गाला में पहुंचे और इस बार उन्होंने अपने आउटफिट के जरिए मुंबई शहर की झलक पेश की। उनका लुक एक भारतीय बंदगला के साथ एक खास केप में तैयार किया गया था। इस केप पर उन कारीगरों के नाम और हस्ताक्षर कढ़ाई किए गए थे, जिन्होंने इस डिजाइन को तैयार किया था। यह पूरा आउटफिट भारतीय शिल्प और मुंबई की रचनात्मकता को सम्मान देता नजर आया।

अनन्या बिरला का मेट गाला डेब्यू
आदित्य बिरला ग्रुप की डायरेक्टर अनन्या बिरला ने भी 78वें मेट गाला में अपना डेब्यू किया। उन्होंने डिजाइनर रॉबर्ट वुन द्वारा तैयार किया गया कस्टम गाउन पहना, जिसके साथ कलाकार सुबोध गुप्ता द्वारा डिजाइन किया गया एक अनोखा मास्क भी था। उनका आउटफिट ब्लैक स्ट्रक्चर्ड जैकेट, शानदार पेप्लम और वॉल्यूमिनस प्लीटेड स्कर्ट के साथ एक मजबूत और आकर्षक सिल्हूट बना रहा था। सबसे खास बात उनका स्टेनलेस स्टील से बना मेटैलिक फेस मास्क था, जिसने उनके पूरे चेहरे को ढक लिया और लुक को बेहद यूनिक बना दिया।
इस तरह मेट गाला 2026 में भारतीय सितारों ने अपने फैशन, कला और संस्कृति के जरिए दुनिया भर में खास पहचान बनाई।
ये भी पढ़ें…टीएमसी खत्म होने की कगार पर, हिंदू समाज के लिए करूंगा काम: सुवेंदु का तीखा बयान








