MOHAN YADAV NEWS: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर कांग्रेस द्वारा लगाए गए जमीन और संपत्ति संबंधी आरोपों को लेकर भाजपा ने आक्रामक रुख अपनाया है। प्रदेश सरकार के आठ मंत्रियों ने एकजुट होकर कांग्रेस पर मुख्यमंत्री की छवि खराब करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। मंत्रियों ने दावा किया कि वर्ष 2023 के बाद मुख्यमंत्री या उनके परिवार की संपत्ति में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है और लगाए जा रहे सभी आरोप पूरी तरह निराधार हैं।
‘वीर भारत न्यास’ पर कांग्रेस के आरोपों को बताया भ्रामक
एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी जिस वीर भारत न्यास पर 500 करोड़ रुपये की जमीन हथियाने का आरोप लगा रहे हैं, वह कोई निजी ट्रस्ट नहीं बल्कि सरकारी नियंत्रण वाला ट्रस्ट है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिना तथ्यों के जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
MOHAN YADAV NEWS: ‘मुख्यमंत्री बनने के बाद नहीं खरीदी कोई नई जमीन’
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि कांग्रेस मुख्यमंत्री को बदनाम करने के उद्देश्य से झूठे आरोप लगा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद डॉ. मोहन यादव ने कोई नई जमीन नहीं खरीदी है। साथ ही कहा कि उनके परिवार के सदस्य अपने स्वतंत्र व्यापार और निजी निर्णय लेने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र हैं।
हलफनामे का हवाला देकर दिया जवाब
स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 2023 के विधानसभा चुनाव में दाखिल हलफनामे में अपनी संपत्ति का पूरा विवरण सार्वजनिक किया था। उन्होंने दावा किया कि उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार मुख्यमंत्री की संपत्ति बढ़ने के बजाय घटी है।
MOHAN YADAV NEWS: ‘रिश्तेदारों के लेन-देन को मुख्यमंत्री से जोड़ना गलत’
पशुपालन मंत्री लखन पटेल ने कहा कि कांग्रेस मुख्यमंत्री के रिश्तेदारों द्वारा किए गए स्वतंत्र भूमि क्रय-विक्रय को उनसे जोड़कर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने इसे कांग्रेस की “खराब मानसिकता” करार दिया।
राजनीतिक हताशा में दुष्प्रचार का आरोप
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में हार के बाद कांग्रेस बौखला गई है और अब मुख्यमंत्री के खिलाफ झूठा दुष्प्रचार कर रही है। वहीं उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि डॉ. मोहन यादव लंबे समय से पारदर्शी सार्वजनिक जीवन जी रहे हैं और परिवार की संपत्ति को मुख्यमंत्री पद से जोड़ना पूरी तरह अनुचित है।
‘तथ्यों के बजाय राजनीति कर रही कांग्रेस’
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने दोहराया कि वर्ष 2023 के बाद मुख्यमंत्री की संपत्ति में कोई वृद्धि नहीं हुई है। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री कृष्णा गौर ने भी कांग्रेस पर स्तरहीन राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष तथ्यों के बजाय केवल राजनीतिक लाभ के लिए झूठे आरोपों का सहारा ले रहा है।
ये भी पढ़े… पेट्रोल-डीजल बचाने हाईकोर्ट का बड़ा आदेश, वाहन पूलिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग होगी प्राथमिकता








