Home » मौसम » शहडोल में आकाशीय बिजली से 3 की मौत, 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

शहडोल में आकाशीय बिजली से 3 की मौत, 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

MP Weather:

MP Weather: मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटे के लिए उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, 27 से 30 जुलाई के बीच कई इलाकों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

MP Weather: शहडोल में बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत-

रविवार को शहडोल जिले में तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। मृतकों में एक 11 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। सभी हादसे खेतों और खुले स्थानों पर हुए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

MP Weather: झींक गांव में महिला की इलाज के दौरान मौत-

जैतपुर थाना क्षेत्र के झींक गांव में धान की रोपाई के दौरान बिजली गिरने से 28 वर्षीय किशन गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं।

मानसूनी ट्रफ और लो प्रेशर सिस्टम से बढ़ेगी बारिश-

मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार, प्रदेश से मानसून ट्रफ गुजर रही है। इसके साथ ही लो प्रेशर एरिया, डिप्रेशन और आगामी दिनों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस भी सक्रिय होगा। इन सिस्टमों के असर से 27 से 30 जुलाई तक कई जिलों में भारी और अति भारी बारिश हो सकती है।

प्रदेश में अब भी 15 प्रतिशत कम बारिश-

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक प्रदेश में औसतन 334.9 मिमी (13.2 इंच) बारिश हुई है, जबकि इस समय तक 395.2 मिमी (15.5 इंच) बारिश होनी चाहिए थी। यानी प्रदेश में अब भी करीब 15 प्रतिशत बारिश की कमी दर्ज की गई है।

इटारसी में बारिश के लिए शिवलिंग को जल में डुबोया-

इटारसी में कम बारिश से परेशान किसानों की अच्छी वर्षा की कामना को लेकर प्राचीन तिलक सिंदूर मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक और जलाभिषेक कर शिवलिंग को पूरी तरह जल में डुबो दिया। मान्यता है कि ऐसा करने से इंद्रदेव प्रसन्न होकर अच्छी वर्षा करते हैं।

41 जिलों में बारिश सामान्य से कम-

प्रदेश के 41 जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है, जबकि 14 जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य से अधिक है। भोपाल, इंदौर, देवास, सीहोर, भिंड और राजगढ़ जैसे जिलों में अच्छी बारिश हुई है, जबकि शहडोल, जबलपुर, रीवा, सागर, ग्वालियर, मंडला और बालाघाट समेत कई जिले अभी भी बारिश की कमी से जूझ रहे हैं।

जुलाई में बारिश के पुराने रिकॉर्ड-

इंदौर: 1913 में 24 घंटे में 11.5 इंच बारिश का रिकॉर्ड।

भोपाल: 1986 में जुलाई में करीब 41 इंच बारिश दर्ज हुई थी।

जबलपुर: 1930 में जुलाई में करीब 45 इंच बारिश का रिकॉर्ड।

ग्वालियर: 1935 में जुलाई में 24.5 इंच बारिश हुई थी।

उज्जैन: जुलाई में सामान्यतः पूरे मानसून की करीब 40 प्रतिशत बारिश होती है।

आगे कैसा रहेगा मौसम-

मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा बिजली गिरने की आशंका के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है

यह भी पढ़े- UP Police Transfer: गोंडा में बड़ा फेरबदल, 3 इंस्पेक्टर लाइन हाजिर, 11 अधिकारियों के तबादले