Home » महाराष्ट्र » मुंबई में गणेशोत्सव से पहले बड़ा हादसा, 22 फीट ऊंची ‘भुलेश्वर चा राजा’ की मूर्ति गिरी, 2 की मौत और 5 घायल

मुंबई में गणेशोत्सव से पहले बड़ा हादसा, 22 फीट ऊंची ‘भुलेश्वर चा राजा’ की मूर्ति गिरी, 2 की मौत और 5 घायल

मुंबई में 22 फीट की गणेश मूर्ति गिरी

Mumbai News: गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच मुंबई के भुलेश्वर इलाके में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां ‘भुलेश्वर चा राजा’ के नाम से प्रसिद्ध भगवान गणेश की 22 फीट ऊंची प्रतिमा ले जाते समय अचानक गिर गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं।जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10:30 बजे 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा को भायखला से भुलेश्वर ले जाया जा रहा था। मंडप से करीब 50 से 60 मीटर पहले अचानक प्रतिमा का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गई।मूर्ति गिरने की चपेट में आने से करीब सात लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम, बीएमसी के अधिकारी और मुंबई पुलिस मौके पर पहुंची। राहत और बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।

दो लोगों की मौत

अस्पताल में इलाज के दौरान भुलेश्वर गणपति मंडल के अध्यक्ष समेत दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान 33 वर्षीय संकेत नेवशे और 30 वर्षीय बृजेश हेमंत जोशी के रूप में हुई है।हादसे में वैभव घेनांद (38), पवन चौरसिया (25), पांच वर्षीय लावण्या गनेर, सात वर्षीय दिव्या गनेर और कुणाल काशिद (26) घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

गणेशोत्सव की तैयारियां तेज

मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में गणेशोत्सव बड़े उत्साह और भव्य तरीके से मनाया जाता है। अगले महीने होने वाली गणेश चतुर्थी को लेकर तैयारियां अभी से शुरू हो चुकी हैं। दस दिनों तक चलने वाले इस त्योहार के दौरान घरों और सार्वजनिक गणेश पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं।मुंबई में गणेश प्रतिमाओं को पंडाल तक लाने और बाद में विसर्जन के लिए जुलूस भी निकाले जाते हैं। इन जुलूसों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग शामिल होते हैं।

14 सितंबर से शुरू होगा उत्सव

इस साल महाराष्ट्र में गणेशोत्सव की शुरुआत 14 सितंबर से होगी। एक रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई में करीब 10,600 सार्वजनिक गणेश मंडल हैं। हालांकि, इनमें से अभी केवल 2,500 मंडलों ने दस दिनों तक चलने वाले गणेशोत्सव के लिए मंजूरी ली है।अनुमान के अनुसार, इस साल पूरे महाराष्ट्र में करीब 28 लाख गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। ऐसे में त्योहार से पहले प्रतिमाओं की स्थापना और उन्हें पंडालों तक पहुंचाने की तैयारियां भी तेजी से चल रही हैं।