Mumbai Rain: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मॉनसून ने आते ही अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटों के दौरान हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। कई प्रमुख सड़कें और अंडरपास पानी में डूब गए, जबकि कुछ इलाकों में लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा असर बांद्रा, अंधेरी, दादर, मीरा रोड और भायंदर जैसे इलाकों में देखने को मिला। भारी जलभराव के चलते ट्रांस हार्बर रेलवे लाइन की सेवाओं को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। वहीं कई अंडरपास बंद कर दिए गए, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हुई।
अंधेरी और दादर में सबसे ज्यादा परेशानी
अंधेरी के कुछ हिस्सों में भारी जलभराव के कारण अंडरपास को बंद करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) ने मौके पर कर्मचारियों की तैनाती की। दादर, हिंदमाता और मलाड सबवे में भी पानी भर गया था, हालांकि बाद में पानी निकाल लिया गया।
Mumbai Rain: मौसम विभाग का रेड अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अगले कुछ घंटों में तेज बारिश के साथ तेज हवाएं और आंधी-तूफान की भी चेतावनी दी है। ठाणे में ऑरेंज अलर्ट जबकि रत्नागिरी, रायगढ़ और सिंधुदुर्ग में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
Mumbai Rain: 8 घंटे में रिकॉर्ड बारिश
IMD के अनुसार 23 जून रात 10 बजे से 24 जून सुबह 6 बजे तक हुई बारिश के आंकड़े इस प्रकार हैं: – मुंबई शहर – 184 मिमी, – पश्चिमी उपनगर – 190 मिमी, – पूर्वी उपनगर – 154 मिमी, वहीं पिछले 20 घंटों में शहर में 78 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 87 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 113 मिमी बारिश दर्ज की गई।
सायन हाईवे और सबवे में भरा पानी
भारी बारिश के बाद सायन हाईवे के पास एवरार्ड नगर स्थित सबवे में पानी भर गया। जलभराव के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने पानी निकालने के लिए पंपिंग का काम शुरू कर दिया है।
रेलवे और BEST सेवाएं जारी
बारिश के बावजूद मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन और BEST बस सेवाएं फिलहाल संचालित हो रही हैं। हालांकि कई इलाकों में जलभराव के कारण यात्रियों को देरी और ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है।
अगले 24 घंटे अहम
Mumbai Rain: मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटे मुंबई और आसपास के इलाकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।
ये भी पढ़े: PM मोदी को ईरान से मिला, अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने का निमंत्रण








