NEET PAPER LEAK: कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में नीट परीक्षा के एक अभ्यर्थी की कथित आत्महत्या पर दुख जताते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के कारण लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
प्रियंका गांधी ने जताया दुख
प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि लखीमपुर खीरी के छात्र ऋतिक मिश्रा की आत्महत्या की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि परीक्षाओं में फैले भ्रष्टाचार ने युवाओं को मानसिक तनाव की स्थिति में पहुंचा दिया है।
NEET PAPER LEAK: सरकार से पूछे सवाल
कांग्रेस सांसद ने कहा कि पीड़ित परिवार के अनुसार नीट परीक्षा रद्द होने के बाद छात्र मानसिक तनाव में था। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर यह सिलसिला कब रुकेगा और जिम्मेदारी कब तय होगी। प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि हर साल लाखों छात्रों का भविष्य परीक्षा प्रणाली की खामियों की वजह से प्रभावित हो रहा है।
लखीमपुर खीरी में छात्र की मौत
जानकारी के अनुसार, लखीमपुर खीरी निवासी ऋतिक मिश्रा ने कथित तौर पर गुरुवार को अपने घर पर आत्महत्या कर ली। परिवार का कहना है कि उसने 3 मई को कानपुर में आयोजित नीट-यूजी परीक्षा दी थी और परीक्षा रद्द होने के बाद से वह तनाव में था। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
NEET PAPER LEAK: पेपर लीक के बाद रद्द हुई थी परीक्षा
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने कई परीक्षा केंद्रों से पेपर लीक की शिकायतों के बाद 3 मई को आयोजित नीट-यूजी 2026 परीक्षा रद्द कर दी थी। अब परीक्षा दोबारा 21 जून को आयोजित की जाएगी।
सीबीआई कर रही जांच
पेपर लीक मामले की जांच फिलहाल केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) कर रही है। जांच एजेंसी ने कई राज्यों में छापेमारी की है और अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि प्रश्नपत्र कैसे लीक हुआ और इसे किन माध्यमों से फैलाया गया।
NEET PAPER LEAK: धर्मेंद्र प्रधान का बड़ा ऐलान
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि अगले वर्ष से नीट-यूजी परीक्षा पारंपरिक ओएमआर प्रणाली के बजाय कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की जाएगी। सरकार का कहना है कि इससे परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जा सकेगा।
यूपी के लखीमपुर खीरी में छात्र ऋतिक मिश्रा के खुदकुशी का समाचार अत्यंत दुखद है। ऋतिक के शोक संतप्त माता-पिता एवं परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, NEET परीक्षा रद्द होने की वजह से ऋतिक मानसिक तनाव में थे। परीक्षाओं में चल रहा भयानक भ्रष्टाचार…
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) May 15, 2026
ये भी पढ़े… पेट्रोल-डीजल पर RJD का तंज, पीएम मोदी का नाम लेकर बोला- ‘और 5 रुपये बढ़ा दो…’ , जानिए ऐसा क्यों कहा ..








