Rahul Gandhi Protest FIR: दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान घायल छात्र साहिल लोहबच की शिकायत पर दिल्ली पुलिस FIR दर्ज करने को तैयार हो गई है। हालांकि, FIR अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज की जाएगी। साहिल का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के छर्रे लगने से उसकी दाहिनी आंख की रोशनी चली गई।
Rahul Gandhi Protest FIR: FIR की मांग को लेकर थाने के बाहर धरने पर बैठे राहुल-
राहुल गांधी शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे दिल्ली के संसद मार्ग थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने मांग की कि साहिल की शिकायत पर FIR दर्ज होने तक वह वहां से नहीं हटेंगे। राहुल के साथ प्रियंका गांधी, अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद और जयराम रमेश समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे। राहुल इससे पहले साहिल के साथ कनॉट प्लेस थाने और पुलिस मुख्यालय भी पहुंचे थे।
Rahul Gandhi Protest FIR: राहुल बोले- पैलेट के छर्रे ही हैं सबूत-
राहुल गांधी ने साहिल के शरीर से निकले छर्रे दिखाते हुए आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली पुलिस ने पैलेट गन नहीं चलाई तो यह पता लगाया जाना चाहिए कि गोली किसने चलाई। राहुल ने पुलिस से सिर्फ FIR दर्ज करने और जांच अधिकारी का नाम बताने की मांग की।
साहिल की शिकायत में 7 गंभीर आरोप-
साहिल ने 14 अगस्त को दिल्ली पुलिस को दी शिकायत में कई गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान उस पर 5 से 6 बार पैलेट गन से फायरिंग की गई। शिकायत में दावा किया गया है कि उसके शरीर में 200 से अधिक छर्रे फंसे हैं। इनमें गर्दन, चेहरा, जबड़ा और दाहिनी आंख के आसपास के हिस्से शामिल हैं। शिकायत के अनुसार, कुछ छर्रे नसों के बेहद करीब होने के कारण निकाले नहीं जा सकते।
आंख की रोशनी जाने और करियर प्रभावित होने का दावा-
साहिल ने शिकायत में कहा है कि उसकी दाहिनी आंख की रोशनी बेहद कम बची है। उसने यह भी दावा किया कि चोट के कारण उसकी पढ़ाई प्रभावित हुई है और दिल्ली पुलिस में भर्ती होने का उसका सपना भी टूट गया है। साहिल ने घटना से जुड़े CCTV फुटेज, पुलिस और सुरक्षाबलों के बॉडी कैमरा फुटेज तथा ड्रोन वीडियो सुरक्षित रखने की मांग की है। साथ ही, पैलेट के छर्रों को FSL जांच के लिए भेजने और उस दिन तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लिस्ट की जांच की मांग की गई है।
पुलिस बोली- क्राइम ब्रांच कर रही है जांच-
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, शिकायत पीड़ित ने खुद दी है। 20 जुलाई की घटना से जुड़े मामलों की जांच पहले से क्राइम ब्रांच कर रही है। पुलिस ने शिकायतकर्ता को बताया है कि उसकी शिकायत भी क्राइम ब्रांच को भेजी जाएगी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नई दिल्ली के DCP सचिन शर्मा राहुल गांधी के संपर्क में हैं।
जयराम रमेश बोले- FIR नंबर मिलने तक नहीं हटेंगे-
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि पार्टी साहिल के साथ हुई कथित पुलिस कार्रवाई और पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर FIR दर्ज करने की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि FIR नंबर मिलने तक राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य नेता थाने के बाहर धरने पर बैठे रहेंगे।
BJP ने राहुल के प्रदर्शन पर उठाए सवाल-
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने राहुल गांधी के धरने को राजनीतिक हताशा और मीडिया का ध्यान खींचने की कोशिश बताया। उन्होंने कहा कि 20 जुलाई की घटना पर सुप्रीम कोर्ट पहले ही संज्ञान ले चुका है और पूर्व जज की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय कमेटी इसकी जांच कर रही है। BJP सांसद रविशंकर प्रसाद ने भी सवाल उठाया कि जब मामले की जांच चल रही है तो कांग्रेस प्रदर्शन क्यों कर रही है। उन्होंने राहुल गांधी के प्रदर्शन को जांच से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया।
संसद में भी पैलेट गन को लेकर राहुल ने लगाए थे आरोप-
राहुल गांधी ने संसद में आरोप लगाया था कि दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन और गोली चलाने की अनुमति दी गई थी। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने इन आरोपों को गंभीर और निराधार बताते हुए राहुल गांधी से माफी की मांग की थी। इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।
यह भी पढ़े- हॉकी वर्ल्ड कप में नीदरलैंड्स से भिड़ेगा भारत, सेमीफाइनल की राह में सबसे बड़ी चुनौती








