Rajashthan news: राजस्थान में बहुचर्चित SI भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पेपर लीक नेटवर्क के कथित सरगना हर्षवर्धन कुमार मीणा के भाई पुष्पेंद्र कुमार मीणा को गिरफ्तार किया है।
परीक्षा से पहले पढ़ाया गया था लीक पेपर
SOG की जांच में सामने आया है कि आरोपी पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने परीक्षा से पहले ही अभ्यर्थी बृजेश कुमार मीणा को लीक हुआ सॉल्व्ड पेपर पढ़ा दिया था। इस पूरे नेटवर्क में संगठित तरीके से पेपर लीक कर परीक्षा को प्रभावित करने की कोशिश की गई थी।
Rajashthan news: 45 लाख रुपये में हुआ था सौदा
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (SOG) विशाल बंसल के अनुसार, प्रकरण संख्या 10/2024 की जांच में खुलासा हुआ है कि हर्षवर्धन मीणा ने स्वरूपचंद मीणा से 45 लाख रुपये में सौदा किया था। इसके बाद उनके बेटे बृजेश कुमार मीणा को परीक्षा से पहले लीक पेपर उपलब्ध कराया गया। यही पेपर बाद में पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने अभ्यर्थी को पढ़ाया।
Rajashthan news: लिखित परीक्षा में सफल, लेकिन PET में फेल
जांच के मुताबिक, बृजेश कुमार मीणा ने लिखित परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन किया था। उसे हिंदी विषय में 200 में से 116.23 अंक और सामान्य ज्ञान में 126.01 अंक प्राप्त हुए थे, जिससे वह लिखित परीक्षा में सफल हो गया था। हालांकि, बाद में शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) में असफल होने के कारण उसका अंतिम चयन नहीं हो सका।
पहले भी विवादों में रहा आरोपी
गिरफ्तार आरोपी पुष्पेंद्र कुमार मीणा पहले दौसा में फायरमैन चालक के पद पर तैनात रह चुका है। उसके खिलाफ पहले भी REO-RO भर्ती परीक्षा 2022 में गंभीर आरोप लगे थे, जिसमें जन्मतिथि में हेराफेरी और डमी अभ्यर्थी बैठाकर परीक्षा दिलाने का मामला शामिल है।
अब तक 146 गिरफ्तारियां
Rajashthan news: SOG के अनुसार, इस पूरे पेपर लीक नेटवर्क में अब तक कुल 146 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एजेंसी का कहना है कि इस मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
ये भी पढ़े: एआई खा रहा है लोगों की सोचने समझने की क्षमता, जी हुजूरी का परिणाम हानिकारक








