Home » उत्तर प्रदेश » राम मंदिर दर्शन से पहले अजय राय हाउस अरेस्ट! पुलिस कार्रवाई पर कांग्रेस का बड़ा आरोप, बोले- असली आरोपी बचाए जा रहे हैं

राम मंदिर दर्शन से पहले अजय राय हाउस अरेस्ट! पुलिस कार्रवाई पर कांग्रेस का बड़ा आरोप, बोले- असली आरोपी बचाए जा रहे हैं

Ram Mandir Case: उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अयोध्या के एक गेस्टहाउस में नजरबंद किए जाने के बाद भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें भगवान राम के दर्शन करने से रोका जा रहा है और राम मंदिर चढ़ावा मामले में असली दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।

‘बड़े लोगों को बचाने के लिए कर्मचारियों को जेल भेजा गया’

मीडियाा से बातचीत में अजय राय ने कहा कि चढ़ावा गबन मामले में गिरफ्तार किए गए आठ कर्मचारी केवल साधारण कर्मचारी हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इन आरोपियों को पुलिस हिरासत के बजाय न्यायिक हिरासत में क्यों भेजा गया। राय का आरोप है कि यदि पुलिस पूछताछ होती तो बड़े नाम सामने आ सकते थे।

Ram Mandir Case: ‘सरकार को सच सामने आने का डर’

अजय राय ने आरोप लगाया कि सरकार को आशंका है कि कर्मचारी पूछताछ में बड़े लोगों के नाम उजागर कर सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि नृपेंद्र मिश्र, चंपत राय, गोविंद गिरि और अनिल मिश्र के इशारे पर यह पूरा घटनाक्रम हुआ और अब उन्हें बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

‘जेल जाना पड़े तो भी राम मंदिर जाऊंगा’

कांग्रेस नेता ने कहा कि पुलिस उन्हें रोक सकती है, लेकिन वह पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि चाहे जेल ही क्यों न जाना पड़े, वह राम मंदिर जाकर दर्शन करेंगे और इस मुद्दे को उठाते रहेंगे।

Ram Mandir Case: पत्नी ने लगाया आवाज दबाने का आरोप

अजय राय की पत्नी रीना राय ने भाजपा सरकार पर उनके पति की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस उन्हें जबरन लेकर गई और कांग्रेस नेताओं को गलत जानकारी देकर गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई कथित “चढ़ावा चोरों” के खिलाफ जारी रहेगी और यदि अजय राय को कोई नुकसान पहुंचता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा ने भी इस कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि एक हिंदू को भगवान श्रीराम के दर्शन करने से रोका जा रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।

Ram Mandir Case: चढ़ावा विवाद पर गरमाई सियासत

राम मंदिर में कथित चढ़ावा गबन मामले को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति तेज हो गई है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के प्रस्तावित दौरे से पहले अजय राय को नजरबंद किए जाने के बाद विपक्ष ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए सरकार पर निशाना साधा है।

ये भी पढ़े… राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर भड़के ‘रामायण’ के लक्ष्मण बोले- ‘सोचा नहीं था कि रक्षक ही भक्षक बन जाएगा’