RAM MANDIR NEWS: भाजपा नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख चेहरों में रहे विनय कटियार के उस बयान का समर्थन किया है, जिसमें उन्होंने राम मंदिर निर्माण के बाद अपनी उपेक्षा किए जाने की बात कही थी। बृजभूषण ने कहा कि विनय कटियार ने जो सवाल उठाए हैं, वे पूरी तरह सही हैं और उन्हें गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
राम मंदिर आंदोलन में विनय कटियार की भूमिका रही अहम
बृजभूषण सिंह ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन के दौरान विनय कटियार बजरंग दल के अध्यक्ष थे और आंदोलन तथा प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करते थे। उन्होंने कहा कि आंदोलन को आगे बढ़ाने में उनकी भूमिका बेहद अहम रही और इसे भुलाया नहीं जा सकता।
RAM MANDIR NEWS: आंदोलन में योगदान देने वालों को मिली उपेक्षा
उन्होंने कहा कि देवीपाटन मंडल, बस्ती और पूर्वांचल के हजारों कार्यकर्ताओं ने राम मंदिर आंदोलन में धन, सेवा और जनसमर्थन के जरिए बड़ा योगदान दिया था। लेकिन मंदिर निर्माण के बाद सबसे अधिक उपेक्षा भी इन्हीं लोगों की हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने संघर्ष किया, उन्हें ही अब किनारे कर दिया गया है।
अयोध्या से आम जनता का जुड़ाव हुआ कमजोर
बृजभूषण सिंह ने कहा कि पहले गांव-गांव से लोग अयोध्या आते थे और मंदिरों से उनका सीधा जुड़ाव था, लेकिन अब अनेक बाधाओं और प्रतिबंधों के कारण आम लोगों का संपर्क कमजोर हो गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि वर्षों तक कई रास्ते और बैरियर क्यों बंद रखे गए, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी हुई।
RAM MANDIR NEWS: भाजपा को चुनाव में चुकानी पड़ी कीमत
उन्होंने दावा किया कि अयोध्या और आसपास के क्षेत्रों में जनता की नाराजगी का असर चुनावी परिणामों में भी दिखाई दिया। उनके अनुसार, स्थानीय लोगों और पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का खामियाजा भाजपा को कई सीटों पर भुगतना पड़ा।
“आज विनय कटियार से भी पास मांगा जा रहा”
बृजभूषण सिंह ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे विनय कटियार को भी आज मंदिर परिसर में प्रवेश के लिए पास दिखाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने आंदोलन को मुकाम तक पहुंचाया, उन्हें सम्मान मिलना चाहिए।
RAM MANDIR NEWS: राम मंदिर चंदा विवाद की जांच पर भी बोले
इस दौरान भाजपा सांसद करण भूषण सिंह ने राम मंदिर चढ़ावा और कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों पर कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए और जांच पूरी होने के बाद सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
पुराने कार्यकर्ताओं के सम्मान का मुद्दा फिर चर्चा में
विनय कटियार के बयान और उस पर बृजभूषण सिंह के समर्थन के बाद राम मंदिर आंदोलन से जुड़े पुराने कार्यकर्ताओं के सम्मान और उनकी भूमिका को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। भाजपा के भीतर भी इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
ये भी पढ़े… सोना-चांदी के दामों में बड़ी गिरावट, भू-राजनीतिक तनाव कम होते ही बाजार में बढ़ी बिकवाली








