Ratnagiri Accident: महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में मुंबई-गोवा हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां एक कार की टक्कर एक खड़े डंपर से हो गई। इस हादसे में दो महिलाओं और एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए लांजा ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गोवा से लौट रहा था परिवार
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा रत्नागिरी जिले के लांजा इलाके में मुंबई-गोवा हाईवे पर हुआ। बताया गया कि मुंबई के अग्रीपाड़ा में रहने वाले एक परिवार के कुछ सदस्य गोवा घूमने गए थे। वापसी के दौरान लांजा रेस्ट हाउस के पास उनकी क्रेटा कार खड़े डंपर से टकरा गई, जिससे बड़ा हादसा हो गया।टक्कर इतनी तेज थी कि क्रेटा कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। आसपास मौजूद स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए पहुंचे और घायलों को कार से बाहर निकालने की कोशिश की।

पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है। पुलिस मृतकों की पहचान की पुष्टि करने और उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। मामले की जांच भी जारी है।
नासिक में भी हुआ था बड़ा हादसा
इससे पहले मंगलवार को महाराष्ट्र के नासिक जिले में येवला-नांदगांव स्टेट हाईवे पर भी एक बड़ा सड़क हादसा हुआ था। यहां एक प्राइवेट लग्जरी पैसेंजर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय बस में करीब 25 से 26 यात्री सवार थे। बस घाट क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण खो गया और बस सड़क पर पलट गई।
यह भी पढ़े…पासपोर्ट नागरिकता का प्रमाण नहीं, सिर्फ यात्रा दस्तावेज: केंद्र सरकार ने फिर किया साफ








