Red Sea Crisis: यमन के हूती विद्रोही लाल सागर (रेड सी) के दक्षिणी हिस्से से गुजरने वाले कारोबारी जहाजों पर शुल्क लगाने की तैयारी कर रहे हैं। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस प्रस्ताव पर काम जारी है, हालांकि इसे लागू करने की कोई आधिकारिक समयसीमा फिलहाल तय नहीं की गई है।
ईरान की सलाह पर तैयार हुआ प्रस्ताव
रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई में ईरान की यात्रा के दौरान हूती नेतृत्व को ईरानी अधिकारियों ने जहाजों पर शुल्क लगाने का सुझाव दिया था। इसके बाद ईरानी सलाहकारों ने हूती अधिकारियों के साथ मिलकर संभावित वसूली व्यवस्था तैयार करने में सहयोग किया। प्रस्ताव में चीन के जहाजों को इस शुल्क से छूट देने पर भी विचार किया गया है।
Red Sea Crisis: बाब-अल-मंदेब का वैश्विक महत्व
बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य रेड सी को अदन की खाड़ी से जोड़ता है और दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में गिना जाता है। इस रास्ते से हर साल बड़ी मात्रा में तेल और अन्य सामान की ढुलाई होती है। ऐसे में शुल्क लागू होने की स्थिति में वैश्विक व्यापार और शिपिंग लागत पर असर पड़ सकता है।
Red Sea Crisis: ट्रम्प-नेतन्याहू की मुलाकात में ईरान पर चर्चा
इस बीच व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की मुलाकात हुई। बैठक के बाद नेतन्याहू ने कहा कि दोनों नेता इस बात पर सहमत हैं कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिए जाएंगे।
जेलेंस्की ने ट्रम्प से रक्षा सहयोग पर की बातचीत
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने भी ट्रम्प से मुलाकात कर पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम, रक्षा सहयोग और रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़े कूटनीतिक प्रयासों पर चर्चा की।
होर्मुज स्ट्रेट पर ओमान का नया प्रस्ताव
ईरान-अमेरिका तनाव के बीच ओमान ने सुझाव दिया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य का नियंत्रण केवल ईरान के पास न होकर क्षेत्रीय देशों की साझा व्यवस्था के तहत हो। इस प्रस्ताव को खाड़ी के कुछ देशों का समर्थन मिलने की भी खबर है।
अमेरिकी सैनिकों के मोबाइल जब्त हो सकते हैं
रॉयटर्स के अनुसार, मिडिल ईस्ट में तैनात अमेरिकी सैनिकों के मोबाइल फोन सुरक्षा कारणों से जब्त किए जा सकते हैं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सैनिकों को सोशल मीडिया पर सैन्य गतिविधियों से जुड़ी जानकारी साझा नहीं करने और ऑपरेशनल सिक्योरिटी का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
IRGC के चार सदस्यों के मारे जाने का दावा
ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि इराक में ईरान समर्थित पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्स (PMF) पर हुए हवाई हमलों में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के चार सदस्य मारे गए हैं। हालांकि, इस दावे की अमेरिका, सऊदी अरब, इराक या ईरान की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
यह भी पढे़ : रूस की वॉन्टेड लिस्ट में Telegram के फाउंडर पावेल डुरोव, आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप








