Saudi Aramco Helicopter Crash: सऊदी अरब की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, रविवार को रास तनुरा में सऊदी अरामको का एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई। फिलहाल दुर्घटना की वजह साफ नहीं हो सकी है और अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुआ हेलिकॉप्टर सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी Saudi Aramco का था। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी 14 लोग सऊदी नागरिक थे। हालांकि, अभी तक यह नहीं बताया गया है कि हेलिकॉप्टर में सवार लोग कौन थे और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।
दुर्घटना की वजह तलाशने में जुटी जांच एजेंसियां
सऊदी अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में हादसे से जुड़ी और जानकारी सामने आएगी।
Saudi Aramco Helicopter Crash: ऊर्जा मंत्रालय ने जताया शोक
सऊदी ऊर्जा मंत्रालय ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि वह दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और उनके परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य देने की प्रार्थना करता है।
Saudi Aramco Helicopter Crash: रास तनुरा क्यों है खास?
रास तनुरा सऊदी अरब का सबसे अहम तेल केंद्र माना जाता है। यहां पश्चिम एशिया की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरियों में से एक मौजूद है। इसके अलावा यह दुनिया के सबसे बड़े कच्चे तेल निर्यात टर्मिनलों में भी शामिल है, इसलिए यह क्षेत्र सऊदी अरामको के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
अरामको के पास 60 से ज्यादा विमान
Saudi Aramco Helicopter Crash: सऊदी अरामको कई दशकों से अपने औद्योगिक और ऑफशोर ऑपरेशनों के लिए विमानों का इस्तेमाल करती आ रही है। साल 2023 में कंपनी के एविएशन डिवीजन को अलग सब्सिडियरी के रूप में स्थापित किया गया, जिसका नाम Aloula Aviation रखा गया। वर्तमान में यह कंपनी 60 से अधिक विमानों का संचालन करती है, जिनका उपयोग ऑफशोर ऑपरेशन, मेडिकल इवैक्यूएशन और लॉजिस्टिक्स सेवाओं में किया जाता है।
यह भी पढे़: सेशेल्स में PM Modi का बड़ा संदेश, ‘हिंद महासागर को अवसरों का महासागर बनाना है’








