Bihar Protest: परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों ने बिहार के पाटलिपुत्र स्टेशन पर हिंसक प्रदर्शन किया। इस हिंसक प्रदर्शन में कुछ लोगों द्वारा ट्रेन में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी किए जाने की खबर सामने आई है।
Bihar Protest: स्थिति को काबू करने के लिए पुलिस ने आजमाई यह तरकीब-
जैसे ही पुलिस प्रशासन को इस विरोध प्रदर्शन का पता चला, उन्होंने बिना देरी किए घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। स्थिति जब अनियंत्रित होने लगी, तब पुलिस प्रशासन ने आंसू गैस के गोले छोड़े, चेतावनी के रूप में हवाई फायरिंग की और लाठीचार्ज का भी प्रयोग किया। फिलहाल क्षेत्र में शांति का माहौल है।
Bihar Protest: पटना के जिला अधिकारी ने बताई विरोध प्रदर्शन की असल वजह-
पटना के जिला अधिकारी डॉ. त्यागराजन ने इस हिंसक प्रदर्शन की असल वजह बताई है। उन्होंने बताया कि कुछ लोग ट्रेन व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विरोध कर रहे थे। आगे उन्होंने बताया कि रेलवे द्वारा विशेष रूप से ट्रेनों की व्यवस्था की गई थी और दो स्पेशल ट्रेनें पहले से स्टेशन पर मौजूद थीं।
असामाजिक तत्वों ने की पत्थरबाजी-
डीएम ने बताया कि प्रदर्शन में कुछ असामाजिक तत्व भी भीड़ में शामिल हो गए और उन्होंने इस प्रदर्शन को हिंसक बनाने के लिए पत्थरबाजी शुरू कर दी। जिससे वहां की परिस्थितियां और खराब हो गईं। परिस्थितियों को नियंत्रित करने के लिए न्यूनतम बल का प्रयोग किया गया और भीड़ को हटाया गया।
200 से 250 छात्रों को रोकने के लिए की आवश्यक कार्रवाई-
पटना रेंज के आईजी जितेंद्र राणा ने बताया कि स्टेशन पर करीब 200 से 250 छात्र मौजूद थे, जो ट्रेनों के परिचालन को रोक रहे थे। प्रदर्शनकारियों को समझाने और ट्रैक खाली कराने के लिए आरपीएफ और जीआरपी ने प्रयास किया, लेकिन कुछ लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। कार्रवाई के बाद भीड़ को स्टेशन से हटा दिया गया और जानकारी के अनुसार सभी ट्रेन सेवाएं फिर से सामान्य रूप से संचालित होने लगी हैं।
यह भी पढ़े- फ्रांस में पीएम मोदी का जोरदार स्वागत, भारतीय समुदाय ने लगाए ‘मोदी-मोदी’ के नारे