Home » राजनीति » Tamil Nadu Budget 2026: सोने का सिक्का, सिल्क साड़ी और लैपटॉप… विजय सरकार के पहले बजट में जनता को मिले कई बड़े तोहफे

Tamil Nadu Budget 2026: सोने का सिक्का, सिल्क साड़ी और लैपटॉप… विजय सरकार के पहले बजट में जनता को मिले कई बड़े तोहफे

Tamil Nadu Budget 2026:

Tamil Nadu Budget 2026: तमिलनाडु की तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) सरकार ने बुधवार को अपना पहला बजट पेश किया। वित्त मंत्री एन. मैरी विल्सन ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विजय का लक्ष्य लोगों को बेहतर शासन देना और राज्य को वर्ष 2031 तक 1.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है। सरकार ने दावा किया कि चुनावी वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा और सरकारी टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई जाएगी।

Tamil Nadu Budget 2026: दुल्हनों को मिलेगा 8 ग्राम सोने का सिक्का और सिल्क साड़ी-

बजट की सबसे बड़ी घोषणा ‘अन्नन सीर थिट्टम’ रही। इसके तहत पात्र दुल्हनों को शादी के समय 8 ग्राम का सोने का सिक्का और एक सिल्क साड़ी दी जाएगी। इस योजना के लिए सरकार ने ₹812 करोड़ का प्रावधान किया है।

Tamil Nadu Budget 2026: कॉलेज छात्रों को मुफ्त लैपटॉप-

सरकार ने ‘वेत्री मदिगनिनि थिट्टम’ के तहत कॉलेज छात्रों को लैपटॉप देने की घोषणा की है। इस योजना के लिए ₹2,000 करोड़ आवंटित किए गए हैं ताकि छात्रों की डिजिटल शिक्षा और पढ़ाई को बढ़ावा मिल सके।

शिक्षा पर बड़ा निवेश-

राज्य सरकार ने स्कूली शिक्षा विभाग के लिए ₹44,527 करोड़ और उच्च शिक्षा विभाग के लिए ₹8,393 करोड़ का बजट तय किया है।

इसके अलावा ‘पल्ली निरावु थिट्टम’ के तहत 3,734 सरकारी स्कूलों के आधुनिकीकरण के लिए ₹300 करोड़ दिए जाएंगे।

10 हजार स्कूलों में सफाई और सुरक्षा अभियान-

सरकार ने ‘सुपर क्लीन, सुपर कैंपस’ योजना शुरू करने का ऐलान किया है। पहले चरण में 10,000 स्कूलों को इस योजना में शामिल किया जाएगा। इसके लिए ₹139 करोड़ का बजट रखा गया है। योजना के तहत स्कूलों में साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल और 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था बेहतर की जाएगी।

ग्रामीण छात्रों के लिए मॉडल आवासीय स्कूल-

‘पेरुंथलैवर कामराजर मॉडल स्कूल’ योजना के तहत ग्रामीण और पिछड़े वर्ग के छात्रों के लिए आधुनिक आवासीय स्कूल बनाए जाएंगे। शुरुआती चरण में ₹125 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इन स्कूलों में कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों को मुफ्त शिक्षा, रहने और स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

NEET हटाने की मांग दोहराई-

विजय सरकार ने एक बार फिर केंद्र सरकार से मेडिकल प्रवेश प्रक्रिया को NEET की बजाय 12वीं के अंकों के आधार पर करने की मांग दोहराई।

AI स्किल्स पर सरकार का फोकस-

सरकार ने लक्ष्य रखा है कि 2031 तक इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक और ITI के 50,000 छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की ट्रेनिंग दी जाएगी।

नया लॉ कॉलेज और 5 नए ITI-

बजट में मदुरै में एक नया लॉ कॉलेज खोलने और ₹90 करोड़ की लागत से पांच नए ITI स्थापित करने की घोषणा भी की गई है।

खेलों के लिए बनेगा ओलंपिक सेंटर-

राज्य में 10 ओलंपिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए ₹5.50 करोड़ का प्रावधान किया गया है ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार किया जा सके।

अल्पसंख्यकों के लिए कई घोषणाएं-

हज सब्सिडी ₹25,000 से बढ़ाकर ₹35,000 की गई।

ईसाई और मुस्लिम महिला संगठनों के लिए ₹1.05 करोड़।

मुस्लिम समुदाय के लिए 5 कब्रिस्तानों के विकास हेतु ₹34 करोड़।

अल्पसंख्यक छात्रों की छात्रवृत्ति योजना जारी रहेगी।

महिलाओं और नवजातों के लिए नई योजनाएं-

सरकार ने महिलाओं के लिए सोने का सिक्का और सिल्क साड़ी योजना पर ₹812 करोड़ खर्च करने का फैसला किया है। इसके अलावा सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले नवजात शिशुओं को सोने की अंगूठी देने की योजना के लिए ₹560 करोड़ आवंटित किए गए हैं।

शराब, बिजली और ड्रग्स पर फैसले-

‘ड्रग-फ्री TN’ योजना के लिए ₹7 करोड़।

राज्य में 717 शराब की दुकानें बंद करने का फैसला।

घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली जारी रहेगी।

शराब बनाने वाली इकाइयों पर विशेष शुल्क लगाकर ₹1,000 करोड़ अतिरिक्त राजस्व जुटाने का लक्ष्य रखा गया है

यह भी पढ़े- IND vs SL: श्रीलंका के खिलाफ भारतीय टेस्ट आंकड़े देखकर उड़ जाएंगे होश