Home » तमिलनाडु » 8 ग्राम सोना, फ्री गैस सिलेंडर… अभिनेता विजय की पार्टी TVK के इन चुनावी वादों ने बदला तमिलनाडु का सियासी समीकरण

8 ग्राम सोना, फ्री गैस सिलेंडर… अभिनेता विजय की पार्टी TVK के इन चुनावी वादों ने बदला तमिलनाडु का सियासी समीकरण

तमिलनाडु में इन वादों के दम पर चला एक्टर विजय का जादू

Tamil Nadu Election Result: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। 234 सीटों वाले इस राज्य में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके (Tamilaga Vettri Kazhagam) 100 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाती दिख रही है। अगर ये रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो करीब एक दशक बाद एम.के. स्टालिन की पार्टी डीएमके को सत्ता से बाहर होना पड़ सकता है। आपको बता दें कि 51 वर्षीय विजय ने 2024 में फिल्म इंडस्ट्री छोड़कर सक्रिय राजनीति में कदम रखा था। कम समय में उन्होंने अपने आक्रामक प्रचार और जनकल्याणकारी वादों के जरिए खासकर युवाओं और महिलाओं के बीच मजबूत पकड़ बनाई। चुनाव से पहले उनके घोषणापत्र ने पूरे राज्य में चर्चा बटोरी और अब शुरुआती रुझानों में उसका असर साफ दिखाई दे रहा है।

चुनाव में गेमचेंजर बने ये बड़े वादे

शादी पर ‘गोल्ड स्कीम’

टीवीके ने वादा किया था कि राज्य में शादी करने वाली हर लड़की को सरकार की ओर से 8 ग्राम सोना और एक रेशमी साड़ी दी जाएगी। इस योजना को सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक मदद के रूप में पेश किया गया।

महिलाओं और कमजोर वर्गों के लिए आर्थिक सहायता

पार्टी ने महिलाओं को हर महीने ₹2500 देने की घोषणा की। इसके साथ ही बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की पेंशन बढ़ाकर ₹3000 प्रतिमाह करने का वादा किया गया।

भूमिहीनों को जमीन का पट्टा

विजय ने कहा था कि सरकारी जमीन का उपयोग कर भूमिहीन परिवारों को पट्टा दिया जाएगा, जिससे गरीब वर्ग को स्थायी आवास और सुरक्षा मिल सके।

मुफ्त बिजली और गैस सिलेंडर

हर परिवार को 200 यूनिट मुफ्त बिजली और सालाना 6 गैस सिलेंडर देने का वादा किया गया। साथ ही महिलाओं को 5 लाख रुपये तक बिना ब्याज के लोन देने की भी योजना पेश की गई।

युवाओं के लिए रोजगार और सहायता

टीवीके ने ग्रेजुएट युवाओं को ₹4000 बेरोजगारी भत्ता देने, 5 लाख इंटर्नशिप अवसर और 5 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया। इसके अलावा 25 लाख लोन वितरित करने की भी घोषणा की गई।

ये भी पढ़े… तमिलनाडु में बड़ा उलटफेर, शुरुआती रुझानों में TVK ‘विजय’ की ओर, सत्तारूढ़ DMK तीसरे नंबर पर