TET Paper Leak: साल 2026 पेपर लीक मामलों के लिए बहुत चर्चित रहा है। इस साल कई पेपर लीक के मामले सामने आए हैं। कभी NEET-UG पेपर लीक का मामला सामने आता है, तो कभी बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हो जाता है। अब इस पेपर लीक की सूची में एक नया नाम भी जुड़ गया है। TET (महाराष्ट्र टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट) पेपर लीक का मामला एक बड़े और सुनियोजित अंतरराज्यीय सिंडिकेट (गिरोह) के रूप में सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को इसका मास्टरमाइंड माना है और इस पेपर लीक नेटवर्क को तोड़ने के लिए बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा में टीमें भेजी हैं। महाराष्ट्र सरकार ने परीक्षार्थियों को भरोसा दिलाया है कि स्थगित परीक्षा के लिए दोबारा रजिस्ट्रेशन करने की कोई आवश्यकता नहीं है। परीक्षा की नई तारीख जल्द तय की जाएगी।
TET Paper Leak: पुलिस कर रही है बिहार के बिजेंद्र गुप्ता की तलाश-
टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट पेपर लीक मामले में पुलिस का शक बिहार के समस्तीपुर निवासी बिजेंद्र गुप्ता पर है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि बिजेंद्र गुप्ता इस पेपर लीक रैकेट का सरगना है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों ने कथित तौर पर उसकी पहचान इसी रूप में की है।
TET Paper Leak: 25 सालों से शामिल है इन मामलों में-
पुलिस प्रशासन और जांच एजेंसियों का दावा है कि बिजेंद्र गुप्ता कथित तौर पर ओडिशा, मध्य प्रदेश और बिहार में लगभग 25 वर्षों से परीक्षा पेपर लीक के मामलों में शामिल रहा है।
तीनों आरोपियों को भेजा पुलिस हिरासत में-
भिवंडी की अदालत ने रविवार को TET पेपर लीक मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को 6 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। इन तीनों आरोपियों के नाम राजीव शाह (45 वर्ष, निवासी पटना), आकाश कुमार (30 वर्ष, निवासी पटना) और हरियाणा के पानीपत निवासी धीरज सिंह (28 वर्ष) हैं। इन तीनों को पुलिस हिरासत में भेजे जाने से जांच एजेंसियों को कथित रैकेट की जांच के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।
QR कोड से लीक की कड़ी तलाशने में जुटी पुलिस-
पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत निवासी कपिल दहिया को भी मामले में वांछित आरोपी के रूप में चिन्हित किया है। उसकी भूमिका की जांच जारी है। जांच एजेंसियां शिक्षा विभाग की मदद से प्रश्नपत्रों पर छपे यूनिक QR कोड के जरिए पेपर लीक के स्रोत तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। 28 जून को प्रस्तावित महाराष्ट्र TET परीक्षा को एक दिन पहले रद्द करना पड़ा, जिससे 6 लाख से अधिक अभ्यर्थी प्रभावित हुए।
दादा भुसे ने दोबारा परीक्षा कराने का दिया भरोसा-
स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे ने कहा कि राज्य सरकार इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। उन्होंने अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया कि TET परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। इसके लिए उम्मीदवारों को दोबारा आवेदन करने या परीक्षा शुल्क जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने यह भी कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
शिक्षक संगठनों ने नीति पर उठाए सवाल-
इस की घटना के बाद शिक्षक संगठनों ने एक बार फिर मांग की है कि वरिष्ठ शिक्षकों के प्रमोशन के लिए TET को अनिवार्य बनाने वाली नीति की समीक्षा की जाए। उल्लेखनीय है कि यह परीक्षा राज्यभर के 1,028 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होनी थी।
यह भी पढ़े- सेशेल्स से पीएम मोदी का बड़ा बयान-‘भारत भरोसेमंद मित्र और साझेदार’, जानें क्यों है यह संदेश अहम








