Home » महाराष्ट्र » उद्धव ठाकरे का बड़ा राजनीतिक दांव! ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के आंदोलन को दिया समर्थन, राहुल से जुड़ने की अपील

उद्धव ठाकरे का बड़ा राजनीतिक दांव! ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के आंदोलन को दिया समर्थन, राहुल से जुड़ने की अपील

Uddhav on CJP Protest: शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आंदोलन का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस आंदोलन के साथ खड़ा होना चाहिए। साथ ही लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से भी आंदोलन का समर्थन करने की अपील की।

राहुल गांधी से समर्थन की अपील, वांगचुक से अनशन खत्म करने का अनुरोध

मुंबई में पत्रकारों से बातचीत में उद्धव ठाकरे ने कहा कि यह केवल किसी एक संगठन का आंदोलन नहीं, बल्कि युवाओं और छात्रों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने सोनम वांगचुक से आमरण अनशन समाप्त करने की अपील करते हुए कहा कि उनका जीवन देश के लिए महत्वपूर्ण है और उनकी सेहत को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

Uddhav on CJP Protest: 24 दिनों से जंतर-मंतर पर जारी है धरना

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का धरना पिछले 24 दिनों से जारी है। संगठन की मांग है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें और नीट परीक्षा पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। पेपर लीक विवाद के बाद नीट की पुनर्परीक्षा भी कराई गई थी।

20 जुलाई के संसद मार्च को मिलेगा समर्थन

सीजेपी ने 20 जुलाई को संसद तक मार्च निकालने की घोषणा की है। उद्धव ठाकरे ने कहा कि उसी दिन शिवसेना (यूबीटी) महाराष्ट्र में प्रदर्शन कर आंदोलन के प्रति अपना समर्थन जताएगी। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी के सांसद भी संसद के मानसून सत्र में इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाएंगे।

Uddhav on CJP Protest: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को बताया उचित

उद्धव ठाकरे ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफा मांगना गलत नहीं है। उनका कहना था कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन को किसी राजनीतिक दल के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि इसे छात्रों के हित से जोड़कर समझना चाहिए।

राम रक्षा आंदोलन में भी होंगे शामिल

उद्धव ठाकरे ने यह भी बताया कि वह 18 जुलाई को नागपुर जाएंगे, जहां अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित हेराफेरी के विरोध में आयोजित ‘राम रक्षा’ आंदोलन में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी जनहित से जुड़े हर मुद्दे पर अपनी आवाज उठाती रहेगी।

ये भी पढ़े… मिडिल ईस्ट में जंग तेज! होर्मुज के तनाव के बीच अमेरिका का ईरान पर लगातार तीसरा हमला