Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, एक परिवार के पांच लोगों की मौत

उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, एक परिवार के पांच लोगों की मौत

उन्नाव एक्सप्रेस-वे हादसे में परिवार के 5 की मौत

Unnao Expressway Accident: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में बुधवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सुबह करीब साढ़े 4 बजे एक तेज रफ्तार स्लीपर बस ने अर्टिगा कार को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में कार में सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चियां भी शामिल हैं।स्लीपर बस हरियाणा से बिहार की ओर जा रही थी, जबकि अर्टिगा कार आगरा से लखनऊ की तरफ जा रही थी। दोनों वाहन एक ही लेन में चल रहे थे। तेज रफ्तार बस ने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मारी, जिसके बाद दोनों वाहन एक्सप्रेस-वे से नीचे गिर गए और बस पलट गई।

टक्कर से कार के उड़े परखच्चे

हादसा इतना भयानक था कि अर्टिगा कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के बाद कार करीब 20 फीट तक सड़क पर घिसटती चली गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।पुलिस ने बस की खिड़कियों के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। यह दुर्घटना जिला मुख्यालय से करीब 65 किलोमीटर दूर बांगरमऊ क्षेत्र में हुई।

Unnao Expressway Accident: उन्नाव एक्सप्रेस-वे हादसे में परिवार के 5 की मौत
उन्नाव एक्सप्रेस-वे हादसे में परिवार के 5 की मौत

Unnao Expressway Accident: बस और कार में सवार कई लोग घायल

सीओ बांगरमऊ हर्ष मोदी ने बताया कि हादसे के समय बस में करीब 70 यात्री और अर्टिगा कार में 9 लोग सवार थे। दुर्घटना में कार सवार चार लोग और बस के चार यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।बांगरमऊ इंस्पेक्टर अखिलेश पांडेय ने बताया कि यात्रियों के अनुसार बस चालक शराब के नशे में था। यात्रियों ने यह भी बताया कि चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने मृतकों के परिवारों को घटना की जानकारी दे दी है।

पुलिस जांच के अनुसार, बाबा ट्रैवलर की स्लीपर बस हरियाणा के झज्जर से बिहार के नालंदा जा रही थी। बस का नंबर BR 06 PF 1024 था। वहीं, अर्टिगा कार संतकबीर नगर की थी, जिसका नंबर UP 58 AK 3461 है।पुलिस के मुताबिक हादसे के समय बस की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे थी।

हादसे में पांच लोगों की मौके पर मौत

इस दुर्घटना में अर्टिगा कार में सवार विनोद (45), उनकी बेटी दिव्या (6), अंजू (40), उनकी बेटी अमृता (13) और भुनभुन (60) की मौके पर ही मौत हो गई।भुनभुन, विनोद के रिश्तेदार थे। हादसे की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी घनश्याम मीना और पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

हादसे में घायल आर्यन ने बताया कि वह संत कबीरनगर के बढ़या बाबू गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि परिवार के लोग अर्टिगा कार से वृंदावन घूमने जा रहे थे। यह कार उनके दोस्त की थी।आर्यन ने बताया कि सुबह के समय तेज रफ्तार बस ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी, जिसके बाद यह दर्दनाक हादसा हुआ।

यह भी पढ़ें… अखिलेश यादव के जन्मदिन पर राजभर का तंज, बोले- एसी कमरों से निकलकर गांव की सियासत समझिए.