UP NEWS: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हमीरपुर में 636 करोड़ रुपये की 75 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए कानून-व्यवस्था, माफिया और विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा से कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता। यदि कोई ऐसा दुस्साहस करेगा तो उसे “यमराज के घर जाना पड़ेगा।”
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके शासनकाल में हर जिले में माफिया सक्रिय थे, जो जमीनों पर कब्जा करते थे, व्यापारियों और बेटियों की सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए थे। उन्होंने कहा कि आज ऐसे माफिया या तो जेल में हैं या मिट्टी में मिल चुके हैं।
सपा पर धार्मिक भेदभाव का आरोप
योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारें ईद और मोहर्रम के दौरान सड़कों पर उदंडता को बढ़ावा देती थीं, जबकि कांवड़ यात्रा और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव जैसे आयोजनों पर रोक लगाई जाती थी। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में सभी धार्मिक आयोजनों को समान सम्मान और सुरक्षा मिलती है।
UP NEWS: जल संरक्षण और मानसून को लेकर की अपील
मुख्यमंत्री ने मानसून में देरी का जिक्र करते हुए लोगों से जल संरक्षण की अपील की। उन्होंने कहा कि हर घर नल योजना का उद्देश्य पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना है, इसलिए अनावश्यक जल बर्बादी से बचना होगा। उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले वर्षों में कम वर्षा की स्थिति बन सकती है, इसलिए अभी से पानी बचाने की आदत डालनी होगी।
ब्रह्मोस मिसाइल और डिफेंस कॉरिडोर का किया जिक्र
योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब रक्षा उत्पादन का बड़ा केंद्र बन रहा है। उन्होंने दावा किया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान लखनऊ डिफेंस कॉरिडोर में बनी ब्रह्मोस मिसाइल का इस्तेमाल किया गया, जिसने देश की सैन्य ताकत को दुनिया के सामने साबित किया।
UP NEWS: बुंदेलखंड के विकास का किया दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, हर घर नल योजना, मेडिकल कॉलेज, औद्योगिक क्लस्टर और केन-बेतवा लिंक परियोजना जैसे विकास कार्य क्षेत्र की तस्वीर बदल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश पहचान का मोहताज नहीं, बल्कि विकास और सुशासन की नई मिसाल बन चुका है।
ये भी पढ़े… यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक’ की रिलीज डेट फाइनल, नए पोस्टर ने बढ़ाया क्रेज








