Home » Breaking News » बारिश-जलभराव से बिगड़े हालात, योगी सख्त; 24 घंटे में मुआवजे का आदेश

बारिश-जलभराव से बिगड़े हालात, योगी सख्त; 24 घंटे में मुआवजे का आदेश

UP WEATHER NEWS: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और जलभराव से जनजीवन प्रभावित है। गंगा का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा भी बढ़ गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की मदद और नुकसान का मुआवजा 24 घंटे के भीतर देने के निर्देश दिए हैं।

भारी बारिश से कई जिलों में जलभराव

यूपी के कई हिस्सों में शनिवार से लगातार बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई जगह सड़कों पर पानी भर गया है, जबकि निचले इलाकों में घरों तक पानी पहुंचने की शिकायतें सामने आई हैं। नाले और नालियां चोक होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। अगले 48 घंटे तक कई इलाकों में भारी बारिश के आसार हैं।

UP WEATHER NEWS: 24 घंटे में मुआवजा देने का आदेश

भारी बारिश से हुए नुकसान का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में जाकर नुकसान का आकलन करने और प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराने का आदेश दिया है। सीएम ने प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश भी दिए हैं।

गंगा का जलस्तर बढ़ने से बढ़ी चिंता

गंगा के किनारे बसे इलाकों में जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा बढ़ रहा है। कई ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, जलभराव के कारण लोगों की आवाजाही और छात्रों के स्कूल पहुंचने में भी परेशानी हो रही है। प्रशासन ने गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है।

UP WEATHER NEWS: लखनऊ में 48.4 मिमी बारिश

राजधानी लखनऊ में पिछले 24 घंटे के दौरान 48.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण तापमान में कुछ गिरावट जरूर आई, लेकिन हवा में नमी अधिक होने से उमस ने लोगों को परेशान किया। शुक्रवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

लोगों से घरों में रहने की अपील

मौसम की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने की अपील की है। प्रशासन को भी जलभराव और संभावित बाढ़ वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

ये भी पढ़े… ₹34 करोड़ के धान घोटाले पर हाईकोर्ट सख्त, पूरे MP में जांच के आदेश; EOW से मांगी स्टेटस रिपोर्ट