Home » राष्ट्रीय » 12 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट, दिल्ली-NCR में मानसून की एंट्री

12 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट, दिल्ली-NCR में मानसून की एंट्री

12 राज्यों में बारिश का अलर्ट

Weather Update: देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय हो गया है। महाराष्ट्र, बिहार, उत्तर प्रदेश समेत 12 राज्यों में गुरुवार को तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के पालघर के लिए रेड अलर्ट और मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, ठाणे में भी भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट घोषित किया गया है।

दिल्ली-NCR में भी गुरुवार को मानसून ने दस्तक दे दी है। राजधानी के कई इलाकों में सुबह से ही तेज बारिश शुरू हो गई है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम को देखते हुए लोगों से अपील की गई है कि वे जरूरी काम के बिना घरों से बाहर निकलने से बचें।

मुंबई में बारिश का कहर

महाराष्ट्र में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। मुंबई के बांद्रा और जुहू समेत कई इलाकों में भारी बारिश के कारण सड़कें पानी में डूब गई हैं। लगातार हो रही बारिश से कई जगह पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। जलभराव के कारण कुछ सबवे को बंद करना पड़ा, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वसई-विरार क्षेत्र में तेज बारिश के बाद नाले उफान पर आ गए। इस दौरान पानी के तेज बहाव में दो कारें बह गईं। हालांकि, कार में मौजूद लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। लेकिन लगातार बारिश के कारण इलाके में काफी नुकसान हुआ है।

Weather Update:  12 राज्यों में बारिश का अलर्ट
12 राज्यों में बारिश का अलर्ट

Weather Update: अंधेरी सबवे में भरा पानी

मुंबई में बुधवार रात से ही लगातार बारिश हो रही है। शहर में 134 मिलीमीटर, पूर्वी उपनगरों में 164 मिलीमीटर और पश्चिमी उपनगरों में 149 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।बारिश के कारण अंधेरी सबवे में सुबह करीब 4 बजे पानी भर गया था, जिसके बाद कुछ समय के लिए ट्रैफिक रोकना पड़ा। हालांकि, पानी कम होने के बाद वहां यातायात दोबारा शुरू कर दिया गया है।वहीं, किंग्स सर्कल इलाके में सड़क के एक हिस्से में पानी जमा हुआ है, लेकिन इससे ट्रैफिक पर ज्यादा असर नहीं पड़ा है। कुर्ला के निचले इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। हालांकि, मुंबई की उपनगरीय लोकल ट्रेन सेवा सामान्य रूप से संचालित हो रही है।

सड़कों पर 2 से 3 फीट पानी

भारी बारिश के चलते ठाणे के निचले इलाकों में भी पानी भर गया है। कई सड़कों पर 2 से 3 फीट तक पानी जमा हो गया, जिसके कारण कई वाहन बीच रास्ते में ही बंद हो गए। जलभराव के कारण कई जगहों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति भी देखने को मिली।मुंबई और आसपास के इलाकों में बुधवार को भी तेज बारिश दर्ज की गई थी। लगातार बारिश के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

ये भी पढ़ें…राम मंदिर ट्रस्ट में गोपाल राव की भूमिका पर उठे सवाल, संतों ने जांच और कार्रवाई की मांग