Home » राष्ट्रीय » देशभर में बिगड़ा मौसम का मिजाज, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट: दिल्ली में अगस्त की बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड

देशभर में बिगड़ा मौसम का मिजाज, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट: दिल्ली में अगस्त की बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड

दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

Weather Update: देश के कई हिस्सों में इस सप्ताह मौसम का मिजाज खराब रहने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी और मध्य भारत तक बारिश का असर देखने को मिल सकता है। वहीं, दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में भी अगले दो दिनों तक तेज बारिश होने की संभावना है।मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में उत्तराखंड से हिमाचल प्रदेश तक बारिश हो सकती है। मैदानी और मध्य भारत में पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी अच्छी बारिश के आसार हैं। इसके अलावा केरल, तटीय कर्नाटक और दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक में अगले दो दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मध्य प्रदेश में स्कूल बंद

मध्य प्रदेश के कई जिलों में रविवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। मंडला में लगातार हो रही बारिश के कारण नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ गया और नदी खतरे के निशान से ऊपर बहने लगी। इसके बाद नदी के आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।डिंडौरी में भारी बारिश को देखते हुए सोमवार को नर्सरी से लेकर 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसूनी ट्रफ और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव वाले क्षेत्र के कारण आने वाले दिनों में बारिश का एक और तेज दौर देखने को मिल सकता है।

यूपी में बढ़ा नदियों का जलस्तर

उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश का असर नदियों पर भी दिखाई दे रहा है। गंगा, यमुना, शारदा और सरयू समेत राज्य की 10 से ज्यादा नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं।सोमवार को भी पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने खास तौर पर ललितपुर और महोबा में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर रेड/ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

बिहार के 20 जिलों में येलो अलर्ट

बिहार में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। पिछले कई दिनों से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के 20 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।इन इलाकों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

अगले कुछ घंटों में तेज हवाओं का खतरा

मौसम में तेजी से हो रहे बदलाव को देखते हुए IMD ने अगले कुछ घंटों के लिए भी चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, कुछ राज्यों में गरज-चमक के साथ तूफान, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान मध्यम बारिश होने की भी संभावना है।मौसम विभाग ने कुछ खास जिलों और क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी किया है।

मेघालय: दक्षिण गारो हिल्स और दक्षिण पश्चिम खासी हिल्स में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

छत्तीसगढ़: बेमेतरा, बिलासपुर, कबीरधाम, महासमुंद और मुंगेली में मौसम को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

मध्य प्रदेश: अनूपपुर, बालाघाट, छतरपुर, दमोह, डिंडोरी, गुना, जबलपुर, मंडला, रायसेन, सागर, सिवनी, शहडोल, उमरिया और विदिशा में अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड: बागेश्वर, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ में भी मौसम खराब रहने की संभावना है।

IMD ने लोगों को दी सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने को कहा है। विभाग के अनुसार, बारिश और तेज हवाओं के दौरान पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए।लोगों को घर से निकलने से पहले रास्तों और मौसम की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है। बहुत जरूरी न होने पर यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करने को भी कहा गया है।

दिल्ली में अगस्त के पहले 8 दिनों में रिकॉर्ड बारिश

देश की राजधानी दिल्ली में इस बार अगस्त की शुरुआत से ही बारिश का दौर तेज है। स्थिति यह है कि दिल्ली ने अगस्त के पहले आठ दिनों में ही पूरे महीने की औसत बारिश का आंकड़ा पार कर लिया है।दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में महीने के शुरुआती आठ दिनों में कुल 230.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

8 दिन में पार हुआ पूरे महीने का औसत

मौसम विभाग के 1991 से 2020 तक के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में अगस्त महीने के दौरान सामान्य तौर पर 226.8 मिलीमीटर बारिश होती है। इस बार यह औसत आंकड़ा सिर्फ आठ दिनों में ही पार हो गया है।शनिवार को खत्म हुए पिछले 24 घंटों के दौरान सफदरजंग मौसम केंद्र पर 98.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यह पिछले दो वर्षों में अगस्त के किसी एक दिन में दर्ज की गई सबसे अधिक बारिश है।इससे पहले 1 अगस्त 2024 को दिल्ली में एक दिन में 107.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी। राजधानी में पिछले चार दिनों से रुक-रुककर बारिश का सिलसिला लगातार जारी है।

ये भी पढ़ें…झारखंड में छात्रों के विधानसभा कूच से पहले सुरक्षा कड़ी, धारा 163 लागू, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात