Home » Breaking News » TMC के बागियों का BJP से भी मोहभंग? युसुफ पठान समेत 3 सांसदों ने बनाई दूरी, जानिए वजह

TMC के बागियों का BJP से भी मोहभंग? युसुफ पठान समेत 3 सांसदों ने बनाई दूरी, जानिए वजह

Yusuf Pathan News: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की करारी हार के बाद पार्टी से बगावत कर अलग गुट बनाने वाले सांसदों में भी अब मतभेद उभरते दिखाई दे रहे हैं। पूर्व क्रिकेटर और बहरामपुर से सांसद युसुफ पठान समेत तीन मुस्लिम सांसद भाजपा से बढ़ती नजदीकी को लेकर असहज बताए जा रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इन सांसदों को आशंका है कि भाजपा के करीब जाने से उनके पारंपरिक वोटबैंक पर असर पड़ सकता है।

टीएमसी से बगावत करने वाले करीब 20 सांसदों के अलग गुट में शामिल होने और एनडीए के समर्थन की चर्चाओं के बीच युसुफ पठान, मुर्शिदाबाद से सांसद अबू ताहिर खान और जंगीपुर से सांसद खलीलुर रहमान की अलग रणनीति सामने आई है। तीनों सांसद मुस्लिम बहुल क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं और माना जा रहा है कि वे अपने क्षेत्र के राजनीतिक समीकरण को देखते हुए भाजपा से स्पष्ट दूरी बनाए रखना चाहते हैं।

BJP से करीबी बढ़ी तो वोटबैंक पर असर का डर

सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार, तीनों सांसदों का मानना है कि भाजपा के साथ ज्यादा नजदीकी उनके क्षेत्र के मतदाताओं के बीच गलत संदेश दे सकती है। उनका तर्क है कि भाजपा के करीब जाना उनके राजनीतिक आधार और समर्थक वर्ग के लिए नुकसानदेह हो सकता है।

Yusuf Pathan News: NDA की बैठक में नहीं पहुंचे तीनों सांसद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हाल में हुई एनडीए की बैठक में भी युसुफ पठान, अबू ताहिर खान और खलीलुर रहमान शामिल नहीं हुए। हालांकि, दिल्ली में शुभेंदु अधिकारी की ओर से बुलाई गई बैठक में तीनों सांसद पहुंचे थे। बताया गया कि उन्होंने पश्चिम बंगाल में मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने समेत अपने क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए बैठक में हिस्सा लिया।

अबू ताहिर बोले- ‘हम NDA में नहीं हैं’

मुर्शिदाबाद से सांसद अबू ताहिर खान ने हाल में कहा कि वह एनडीए का हिस्सा नहीं हैं। हालांकि, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सहयोगी दलों के सांसदों के लिए आयोजित बैठक में शामिल हुए थे। अबू ताहिर के मुताबिक, बैठक में शामिल होने का उद्देश्य अपने क्षेत्र और राज्य से जुड़े मुद्दों को सीधे प्रधानमंत्री के सामने रखना था। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान नाम हटाए जाने की कथित शिकायतों, मस्जिदों में लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर पाबंदी और अपने संसदीय क्षेत्र में नई रेलवे लाइन की मांग जैसे मुद्दे प्रधानमंत्री के सामने रखे।

Yusuf Pathan News: राजनीतिक समीकरणों पर नजर

बागी सांसदों के बीच भाजपा के साथ रिश्तों को लेकर उभरता मतभेद पश्चिम बंगाल की राजनीति में नए समीकरणों की ओर संकेत कर रहा है। एक ओर जहां कुछ सांसद एनडीए के करीब जाते दिख रहे हैं, वहीं मुस्लिम बहुल क्षेत्रों से आने वाले सांसद अपने राजनीतिक आधार और मतदाताओं की प्रतिक्रिया को लेकर सावधानी बरतते नजर आ रहे हैं।

ये भी पढ़े… मीराबाई चानू की आंखों में आंसू देख भावुक हुए PM मोदी, बोले- ‘हर बूंद में गोल्ड मेडल दिख रहा था’