Home » महाराष्ट्र » 40 साल अकेले रहीं ललिता कृष्णमूर्ति, मौत के बाद परिवार को तलाश रहे पड़ोसी; अखबार में दिया भावुक विज्ञापन

40 साल अकेले रहीं ललिता कृष्णमूर्ति, मौत के बाद परिवार को तलाश रहे पड़ोसी; अखबार में दिया भावुक विज्ञापन

 Lalita Krishnamurthy:

Lalita Krishnamurthy: मुंबई से अकेलेपन और पारिवारिक रिश्तों को झकझोर देने वाली एक कहानी सामने आई है। यहां करीब 40 साल से अकेले रह रहीं बुजुर्ग महिला ललिता कृष्णमूर्ति का 13 नवंबर को निधन हो गया। उनकी मौत के बाद जब पड़ोसियों ने परिवार के सदस्यों से संपर्क करने की कोशिश की, तो उन्हें कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद पड़ोसियों ने महिला के परिवार को खोजने के लिए अखबार में एक भावुक विज्ञापन प्रकाशित कराया है।

Lalita Krishnamurthy: चेन्नई की रहने वाली थीं ललिता कृष्णमूर्ति

जानकारी के मुताबिक, ललिता कृष्णमूर्ति मूल रूप से चेन्नई की रहने वाली थीं और पिछले करीब चार दशकों से मुंबई में अकेले रह रही थीं। 13 नवंबर को उनका निधन हो गया। उनकी मौत के बाद पड़ोसियों ने उनकी बेटियों और अन्य रिश्तेदारों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन परिवार के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई।

Lalita Krishnamurthy: अखबार में छपवाया भावुक नोटिस

ललिता कृष्णमूर्ति के परिवार का पता लगाने के लिए पड़ोसियों ने अखबार में सार्वजनिक अपील प्रकाशित कराई। इस नोटिस में उनकी बेटियों, करीबी रिश्तेदारों और परिवार के अन्य सदस्यों से संपर्क करने की अपील की गई। नोटिस में लिखा गया, “हम उनके बच्चों, करीबी परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों या ऐसे किसी भी व्यक्ति से विनम्र अनुरोध करते हैं, जिन्हें उनके परिवार के बारे में जानकारी हो, कृपया हमसे संपर्क करें।” इस अपील के साथ संपर्क नंबर भी दिए गए हैं, ताकि महिला के परिवार या उनके बारे में जानकारी रखने वाले लोग पड़ोसियों तक पहुंच सकें।

पड़ोसियों ने निभाई परिवार की जिम्मेदारी

अखबार में प्रकाशित यह नोटिस सोशल मीडिया पर भी सामने आया है। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग इस घटना पर दुख जता रहे हैं। एक्स पर किशोर सुब्रमणियन नाम के एक यूजर ने दावा किया कि उन्होंने नोटिस में दिए गए नंबरों में से एक पर संपर्क किया था। उनके मुताबिक, ललिता कृष्णमूर्ति करीब 40 साल से अकेले रह रही थीं। महिला की मौत के बाद पड़ोसियों की ओर से उनके परिवार को तलाशने की यह कोशिश अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है।

यह भी पढ़ें- JCB से कुचलकर बच्चे की मौत पर CM योगी सख्त, बोले- यह हादसा नहीं हत्या है