TVK Government: तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर जारी राजनीतिक सस्पेंस अब लगभग खत्म हो गया है। TVK प्रमुख विजय ने शनिवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। चार दिनों के भीतर विजय और राज्यपाल के बीच यह चौथी मुलाकात रही। कांग्रेस, CPI, CPI(M), VCK और IUML के समर्थन के बाद TVK को अब 121 विधायकों का समर्थन हासिल हो गया है, जबकि बहुमत के लिए 118 विधायकों की जरूरत थी।
4 मई: सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी TVK
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों में TVK ने 234 सीटों में से 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में जगह बनाई। वहीं DMK को 59 और AIADMK को 47 सीटें मिलीं। अन्य दलों और निर्दलीयों के खाते में 20 सीटें गईं।
TVK Government: कांग्रेस के समर्थन से बढ़ी ताकत
5 मई को कांग्रेस ने DMK से गठबंधन तोड़ते हुए TVK को समर्थन देने का ऐलान किया। कांग्रेस के समर्थन के बाद TVK के विधायकों की संख्या 113 तक पहुंच गई, लेकिन बहुमत से अभी भी 5 विधायक कम थे।
TVK Government: दो बार लौटना पड़ा राजभवन से
6 मई को विजय सरकार बनाने का दावा पेश करने राज्यपाल के पास पहुंचे, लेकिन बहुमत का आंकड़ा पूरा नहीं होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। इसके बाद 7 मई को CPI और CPI(M) ने अपने 4 विधायकों के साथ समर्थन दिया, जिससे संख्या 117 पहुंच गई। बावजूद इसके राज्यपाल ने 118 विधायकों का समर्थन पत्र दिखाने को कहा।
VCK और IUML के समर्थन से पूरा हुआ आंकड़ा
9 मई को VCK और IUML ने भी TVK को समर्थन देने का फैसला किया। दोनों दलों के समर्थन के बाद TVK के पास कुल 121 विधायकों का समर्थन हो गया। इसके साथ ही सरकार गठन का रास्ता साफ हो गया। बताया जा रहा है कि विजय जल्द ही मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में शपथ ग्रहण की तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं।
VCK बोली- DMK गठबंधन में बने रहेंगे
TVK को समर्थन देने के बाद VCK प्रमुख थोल थिरुमावलवन ने कहा कि उनकी पार्टी अब भी DMK गठबंधन का हिस्सा बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में VCK ने स्वतंत्र रूप से TVK को समर्थन देने का फैसला लिया है। वहीं IUML ने भी बिना शर्त समर्थन का ऐलान किया। हालांकि इससे पहले पार्टी ने समर्थन की खबरों से इनकार किया था।
यह भी पढे़ : ‘विजय’ के बाद राजनीति में एंट्री करेंगे Diljit Dosanjh? सिंगर ने खुद बताई सच्चाई








