Home » उत्तराखंड » देहरादून में हिंदू युवक की हत्या के बाद तनाव, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग तेज

देहरादून में हिंदू युवक की हत्या के बाद तनाव, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग तेज

विनोद कश्यप हत्याकांड से देहरादून में बवाल

Dehradun Murder Case: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक युवक की हत्या के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में हिंदू युवक विनोद कश्यप की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए।आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बुलडोजर एक्शन की मांग की। इसी बीच कुछ गुस्साए लोगों की भीड़ ने आरोपियों के घरों पर हमला कर दिया और एक घर को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आसपास के कई थानों की पुलिस टीमें मौके पर तैनात की गई हैं।

तीन नामजद समेत 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस के अनुसार, देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में पानी लगाने को लेकर शुरू हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। इसके बाद हुई हिंसक घटना में विनोद कश्यप की मौत हो गई।मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने आरोपियों के घरों पर पथराव किया और बाद में एक घर में आग लगा दी।इलाके में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है ताकि स्थिति और न बिगड़े।

पुलिस से हुई धक्का-मुक्की, जमकर हुआ पथराव

बैरागीवाला गांव में बजरंग दल कार्यकर्ता विनोद की हत्या के बाद तनाव बढ़ गया। घटना के विरोध में कुछ लोगों ने आगजनी और पत्थरबाजी शुरू कर दी।गुस्साई भीड़ ने हत्या के आरोपियों के घरों को निशाना बनाया और उनमें से कुछ घरों में आग लगा दी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। भीड़ की ओर से जमकर पथराव किए जाने की बात भी सामने आई है।

Dehradun Murder Case: विनोद कश्यप हत्याकांड से देहरादून में बवाल
विनोद कश्यप हत्याकांड से देहरादून में बवाल

पूरे मामले पर एसपी देहात पंकज गैरोला ने जानकारी देते हुए बताया कि खेत में पानी लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। इसी विवाद के बाद कुछ युवकों ने गांव में इकट्ठा होकर विनोद नाम के युवक के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।

एसपी के अनुसार, इस हमले में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।उन्होंने बताया कि घटना के बाद लोग आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। पुलिस प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर रही है और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

Dehradun Murder Case: हमले का CCTV फुटेज आया सामने

बैरागीवाला गांव में विकास नाम के युवक पर हुए हमले का CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में कुछ लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर सड़क पर दौड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।वीडियो में कई लोग अपनी जान बचाने के लिए भागते नजर आ रहे हैं। वहीं, आसपास चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल भी दिखाई दे रहा है।

NH जाम कर प्रदर्शन, विधायक ने पुलिस को दिए सख्त निर्देश

घटना के विरोध में हिंदू समुदाय के लोगों ने बैरागीवाला गांव में प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग की।इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। विकासनगर के भाजपा विधायक मुन्ना चौहान पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और उन्होंने परिवार को सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।विधायक ने सहसपुर कोतवाली के थाना प्रभारी को भी मामले में लापरवाही न बरतने और हत्याकांड में शामिल आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

प्रदर्शनकारियों का आरोप

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने आरोप लगाया कि यह सिर्फ सामान्य विवाद नहीं था, बल्कि युवक की मॉब लिंचिंग की गई है। कुछ प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि समुदाय विशेष के लोग देवभूमि का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों का कहना है कि आरोपी पक्ष पहले भी विवादों में रहा है और उन पर जनप्रतिनिधियों पर हमला करने जैसे आरोप लग चुके हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

यह भी पढ़े….यूपी: गोरखपुर को 226 विकास परियोजनाओं की सौगात, लाभार्थियों को मिलेंगे प्रमाण-पत्र.