Home » Foreign Affairs » G-7 Summit में मोदी-ट्रंप की अहम मुलाकात, ट्रेड डील से लेकर पश्चिम एशिया संकट तक कई मुद्दों पर हुई चर्चा

G-7 Summit में मोदी-ट्रंप की अहम मुलाकात, ट्रेड डील से लेकर पश्चिम एशिया संकट तक कई मुद्दों पर हुई चर्चा

G7 news: फ्रांस के एवियन शहर में चल रहे G-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक हुई। करीब 16 महीने बाद दोनों नेताओं की आमने-सामने बातचीत हुई, जिसमें भारत-अमेरिका व्यापार समझौता, पश्चिम एशिया की स्थिति, होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों पर हुए हमले और वैश्विक सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर जोर

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में शांति बहाल करने के प्रयासों के लिए राष्ट्रपति ट्रंप की सराहना की। उन्होंने समुद्री व्यापार और भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया के विभिन्न समुद्री मार्गों पर लाखों भारतीय नाविक कार्यरत हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ईरान से जुड़े किसी भी समझौते में नाविकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।

G7 news: होर्मुज हमले पर ट्रंप की प्रतिक्रिया

होर्मुज स्ट्रेट के पास हालिया हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत पर राष्ट्रपति ट्रंप ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि समुद्री क्षेत्र में काम करना बेहद चुनौतीपूर्ण पेशा है और इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए भारत और अमेरिका मिलकर काम करते रहेंगे।

G7 news: भारत-अमेरिका रिश्तों पर क्या बोले ट्रंप

ट्रंप ने भारत और अमेरिका के रिश्तों को मजबूत बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और रणनीतिक सहयोग लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को एक “सख्त और प्रभावी नेगोशिएटर” बताते हुए कहा कि वे भारत के हितों की मजबूती से पैरवी करते हैं। ट्रंप ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनके व्यक्तिगत संबंध हमेशा सकारात्मक रहे हैं।

रक्षा सहयोग और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा

रक्षा सहयोग पर बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच मजबूत साझेदारी है और दोनों देश एक-दूसरे के भरोसेमंद सहयोगी हैं। वहीं पश्चिम एशिया और रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर भी दोनों नेताओं ने विचार साझा किए। ट्रंप ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के समाधान में भारत की भूमिका लगातार बढ़ रही है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत अंतरराष्ट्रीय मंच पर महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।

अन्य देशों के नेताओं से भी हुई मुलाकात

G-7 सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका के अलावा यूएई, ब्रिटेन, कनाडा, जर्मनी, इटली और ब्राजील समेत कई देशों के नेताओं से भी मुलाकात की। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ बातचीत में दोनों देशों के व्यापारिक और रणनीतिक संबंधों को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। कार्नी ने प्रधानमंत्री मोदी को कनाडा आने का निमंत्रण भी दिया।

भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका

G7 news: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के विशेष निमंत्रण पर G-7 सम्मेलन में शामिल हुए प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा वैश्विक कूटनीति और भारत के बढ़ते अंतरराष्ट्रीय प्रभाव के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

 

 

ये भी पढ़े: इटावा में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, 3 महीने पहले हुई थी शादी; मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप