Home » उत्तर प्रदेश » ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर चलते डंपर से गिरी बजरी, हादसा टालने के लिए खुद सड़क पर उतरी यूपी पुलिस

ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर चलते डंपर से गिरी बजरी, हादसा टालने के लिए खुद सड़क पर उतरी यूपी पुलिस

Noida news: ग्रेटर नोएडा के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चकसेनपुर के पास गुजर रहे एक डंपर का जैक अचानक ऊपर उठ गया, जिससे उसमें भरी लाल बजरी और पत्थर सड़क पर बिखर गए। देखते ही देखते हाईवे का एक बड़ा हिस्सा पत्थरों से भर गया, जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और दुर्घटना का खतरा बढ़ गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही दादरी थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सड़क पर फैले पत्थरों को देखकर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। अधिकारियों को आशंका थी कि यदि समय रहते रास्ता साफ नहीं किया गया तो कोई वाहन फिसल सकता है या बड़ा हादसा हो सकता है।

Noida news: जेसीबी आने से पहले खुद हटाने लगे पत्थर

जेसीबी मशीन के पहुंचने में समय लग रहा था, इसलिए पुलिसकर्मियों ने खुद फावड़े और हाथों की मदद से सड़क पर फैली बजरी और पत्थरों को हटाना शुरू कर दिया। बाद में जेसीबी पहुंचने पर पूरे रास्ते को तेजी से साफ कराया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों की मेहनत का वीडियो भी सामने आया है, जिसकी लोग सराहना कर रहे हैं।

Noida news: कई वाहन बाल-बाल बचे, कुछ के टायर हुए पंचर

हाईवे पर अचानक पत्थर फैल जाने से कई वाहन आपस में टकराने से बाल-बाल बच गए। वहीं कुछ गाड़ियों के टायर भी पत्थरों की वजह से पंचर हो गए। इससे कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा, हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई।

पंचर वाहनों की भी कराई मदद

Noida news: पुलिस ने केवल सड़क साफ कराने तक ही अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखी। जिन वाहनों के टायर पंचर हो गए थे, उनके लिए पंचर बनाने वाली गाड़ी भी मौके पर बुलवाई गई। दादरी थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया था और प्राथमिकता यह थी कि किसी भी तरह से कोई बड़ा हादसा न होने पाए। सड़क साफ होने के बाद यातायात को सामान्य रूप से चालू करा दिया गया।

 

 

 

ये भी पढ़ें: यूक्रेन का रूस पर बड़ा पलटवार, मॉस्को की ऑयल रिफाइनरी पर हमला; आसमान में छाया काला धुआं