Home » अंतर्राष्ट्रीय » गाजा में फिर बरसे इजरायली बम, दो मासूम बच्चियों समेत 6 की मौत: अल जज़ीरा का कैमरामैन भी हमले का शिकार

गाजा में फिर बरसे इजरायली बम, दो मासूम बच्चियों समेत 6 की मौत: अल जज़ीरा का कैमरामैन भी हमले का शिकार

गाजा में इजरायल के ताजा हवाई हमले, 6 लोगों की मौत

Israel Gaza Airstrikes: गाजा पट्टी में शनिवार को इजरायल ने एक बार फिर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। इन हमलों में कम से कम 6 लोगों की जान चली गई। मृतकों में दो बच्चे और समाचार चैनल अल जज़ीरा का एक कैमरामैन भी शामिल है। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों ने इस हमले की जानकारी दी है।फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, शनिवार तड़के करीब 2 बजे गाजा सिटी के एक अपार्टमेंट को निशाना बनाकर हवाई हमला किया गया। हमले के बाद इमारत का बड़ा हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और मलबे में बदल गया। मौके पर मौजूद पत्रकारों ने बताया कि आसपास खून से सने कंक्रीट के टुकड़े और मलबे का ढेर दिखाई दे रहा था।

दो मासूम बहनों की गई जान

इस हमले में एक ही परिवार की दो बहनों की मौत हो गई। इनमें 4 वर्षीय ज़िना और 14 वर्षीय लाना शामिल हैं। दोनों बच्चियों के शवों को शिफा अस्पताल के मुर्दाघर में भेजा गया।उनके चचेरे भाई मोहम्मद सफादी भी हमले में घायल हुए। उनके माथे पर चोट लगी है। उन्होंने बताया, “मैं घर में बैठा हुआ था। अचानक बिना किसी चेतावनी के हमारे ऊपर रॉकेट आ गिरा।” उन्होंने यह भी बताया कि उनकी पत्नी भी इस हमले में घायल हो गईं।

Israel Gaza Airstrikes: गाजा में इजरायल के ताजा हवाई हमले, 6 लोगों की मौत
गाजा में इजरायल के ताजा हवाई हमले, 6 लोगों की मौत

Israel Gaza Airstrikes: अल जज़ीरा के कैमरामैन की भी मौत

शनिवार शाम को इजरायल द्वारा किए गए तीन अलग-अलग हमलों में 4 लोगों की मौत हो गई और कम से कम एक दर्जन लोग घायल हुए।अल-अक्सा अस्पताल के अनुसार, पहला हमला मध्य गाजा के बुरेइज शरणार्थी शिविर में एक घर पर किया गया। यह हमला बिना किसी पूर्व चेतावनी के हुआ। इस हमले में अल जज़ीरा के कैमरामैन अहमद विशाह समेत तीन लोगों की मौत हो गई।अल जज़ीरा ने भी अहमद विशाह की मौत की पुष्टि की है। अहमद के भाई मोहम्मद विशाह, जो अल जज़ीरा में रिपोर्टर थे, अप्रैल महीने में एक अन्य इजरायली हमले में मारे गए थे।

टेंट कैंप को भी बनाया निशाना

नासेर अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, शनिवार को दक्षिणी गाजा के मुवासी क्षेत्र में स्थित बड़े टेंट कैंप में मौजूद लोगों के एक समूह पर भी हमला किया गया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए।अस्पताल ने बताया कि गाजा शहर में हुए एक अन्य हमले में भी लोगों के एक समूह को निशाना बनाया गया, जिसमें कम से कम चार लोग घायल हुए हैं।

युद्धविराम के बावजूद जारी हैं हमले

फिलिस्तीनी अधिकारियों का कहना है कि अक्टूबर में इजरायल और हमास के बीच युद्धविराम लागू होने के बाद भी गाजा में लगभग रोजाना इजरायली हमले हो रहे हैं।गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, युद्धविराम लागू होने के बाद से अब तक 1,000 से अधिक फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है। अधिकारियों का आरोप है कि संघर्ष विराम के बावजूद हिंसा और हवाई हमलों का सिलसिला लगातार जारी है।