MP NEWS: माढ़ोताल थाना क्षेत्र में भू माफियाओं द्वारा करोड़ों रुपये की जमीन के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। आरोपियों ने वर्षों पहले मृत हो चुकी महिला को दस्तावेजों में जीवित दिखाकर उसकी 1.63 करोड़ रुपये कीमत की जमीन का सौदा कर दिया और एक व्यापारी से 76 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने लंबी जांच के बाद तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज किया है।
फर्जी दस्तावेजों से कराया करोड़ों की जमीन का सौदा
जवाहरगंज निवासी व्यापारी दीपक कुमार टिबरेवाला वर्ष 2023 में निवेश के लिए जमीन की तलाश कर रहे थे। प्रॉपर्टी ब्रोकर के माध्यम से उनकी मुलाकात राकेश गुप्ता और लखन नायक से हुई। दोनों ने ग्राम औरिया स्थित खसरा नंबर 368 की जमीन दिखाई और सिविल कोर्ट का कथित राजीनामा पेश कर दावा किया कि उन्हें जमीन बेचने का अधिकार मिल चुका है।
MP NEWS: मृत महिला की जगह दूसरी महिला को बनाया मालिक
आरोप है कि आरोपियों ने कमला सेन नामक महिला के आधार कार्ड में कंप्यूटर से छेड़छाड़ कर उसका नाम मृत भू-स्वामिनी फूलमती के नाम से बदल दिया। फर्जी पहचान पत्र और दस्तावेजों के आधार पर बैंक खाते खुलवाए गए और उसी के जरिए रकम ली गई।
76 लाख रुपये ऐंठकर करते रहे गुमराह
आरोपियों ने पहले 41 लाख रुपये चेक और 10 लाख रुपये नकद लिए। बाद में अलग-अलग माध्यमों से कुल 76 लाख रुपये हासिल कर लिए। रजिस्ट्री और नामांतरण के नाम पर कभी हड़ताल तो कभी सरकारी प्रक्रिया का बहाना बनाकर पीड़ित को महीनों तक टालते रहे और नया अनुबंध भी करवा लिया।
MP NEWS: जांच में खुला पूरा फर्जीवाड़ा
फरवरी 2024 में उसी जमीन से जुड़े एक विज्ञापन के प्रकाशित होने के बाद पीड़ित को संदेह हुआ। जब उसने राजस्व रिकॉर्ड और मौके पर जांच कराई तो पता चला कि जमीन की असली मालकिन फूलमती और उसके बेटे की वर्षों पहले मौत हो चुकी है। जिस महिला को फूलमती बनाकर सौदा कराया गया था, वह वास्तव में कमला सेन निकली।
तीन आरोपियों पर एफआईआर दर्ज
पीड़ित की शिकायत और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद माढ़ोताल पुलिस ने राकेश गुप्ता, लखन नायक और कमला सेन के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने तथा आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़े… कैसे हुई असेसिन्स क्रीड गेम बनाने वाले को- फाउंडर की मौत








