Home » Foreign Affairs » क्या ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर देने वाले हैं इस्तीफा? UK की राजनीति में बढ़ीं हलचलें

क्या ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर देने वाले हैं इस्तीफा? UK की राजनीति में बढ़ीं हलचलें

Britain pm: ब्रिटेन की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज हो गई है। प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर को लेकर ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि वे जल्द ही अपने पद से इस्तीफा देने और पद छोड़ने की समय-सीमा का ऐलान कर सकते हैं। हालांकि, अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्टार्मर पिछले कुछ समय से अपने करीबी सहयोगियों, सलाहकारों, दानदाताओं और ट्रेड यूनियन नेताओं से लगातार बातचीत कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी और सरकार दोनों को एक साथ प्रभावी तरीके से चलाने को लेकर उनके सामने कई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं।

डाउनिंग स्ट्रीट ने किया खबरों का खंडन

इस्तीफे की अटकलों के बीच डाउनिंग स्ट्रीट ने इन खबरों को खारिज कर दिया है। सरकारी सूत्रों का कहना है कि कीर स्टार्मर पूरी तरह से अपनी जिम्मेदारियों पर ध्यान दे रहे हैं और प्रधानमंत्री पद छोड़ने का फिलहाल कोई सवाल नहीं है। दिलचस्प बात यह है कि हाल ही में स्टार्मर ने खुद भी इस्तीफे की चर्चाओं को नकारते हुए कहा था, “मैं पीछे नहीं हटने वाला हूं।” उनके इस बयान को नेतृत्व बनाए रखने के संकेत के तौर पर देखा गया था।

Britain pm: एंडी बर्नहम का नाम सबसे आगे

अगर लेबर पार्टी में नेतृत्व परिवर्तन की नौबत आती है तो एंडी बर्नहम का नाम सबसे मजबूत दावेदार के रूप में सामने आ रहा है। हाल के चुनावों में उनके प्रदर्शन ने पार्टी के भीतर उनकी स्थिति को और मजबूत किया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बर्नहम तेजी से उभर रही विपक्षी ताकतों का मुकाबला करने और लेबर पार्टी को नए दौर में ले जाने की क्षमता रखते हैं। हालांकि, फिलहाल उन्होंने स्टार्मर को सीधी चुनौती देने के कोई संकेत नहीं दिए हैं।

Britain pm: लेबर पार्टी के भीतर बढ़ रही बेचैनी

रिपोर्ट्स के अनुसार, लेबर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता पार्टी की मौजूदा स्थिति को लेकर चिंतित हैं। माना जा रहा है कि हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों और चुनावी झटकों के बाद स्टार्मर की स्थिति पहले जितनी मजबूत नहीं रही है। लेबर पार्टी के पूर्व पॉलिटिकल डायरेक्टर ल्यूक सुलिवन का कहना है कि हाल के घटनाक्रमों ने प्रधानमंत्री के सामने विकल्प सीमित कर दिए हैं। उनके मुताबिक, पार्टी को मिली चुनावी हार ने ब्रिटेन की राजनीति का समीकरण बदल दिया है और आने वाले दिनों में लेबर पार्टी के भीतर बड़ा फैसला देखने को मिल सकता है।

क्या होगा अगला कदम?

Britain pm: फिलहाल सभी की नजरें सोमवार पर टिकी हुई हैं। अगर कीर स्टार्मर की ओर से कोई बड़ा ऐलान होता है तो यह ब्रिटेन की राजनीति में बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। हालांकि, जब तक आधिकारिक घोषणा नहीं होती, तब तक इस्तीफे की खबरें सिर्फ अटकलें ही मानी जाएंगी।

 

 

ये भी पढ़ें: NEET अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट पर रुके PM मोदी, ट्रैफिक प्रभावित न हो इसलिए लिया फैसला