Home » तमिलनाडु » तमिलनाडु में बड़ा हादसा: सी-फूड फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक, 7 महिला कर्मचारियों की मौत

तमिलनाडु में बड़ा हादसा: सी-फूड फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक, 7 महिला कर्मचारियों की मौत

Tamilnadu fire: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। पेरियापालयम के पास मंजांगरानाई स्थित एक निजी सी-फूड प्रोसेसिंग फैक्ट्री में अमोनिया गैस का रिसाव हो गया। गैस फैलते ही फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।पुलिस के अनुसार, इस हादसे में अब तक 7 महिला कर्मचारियों की मौत हो चुकी है, जबकि 67 कर्मचारियों को इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

NDRF की विशेष टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही तिरुवल्लूर जिला प्रशासन ने अरक्कोणम स्थित NDRF की चौथी बटालियन से मदद मांगी। इसके बाद केमिकल और गैस रिसाव जैसी आपात स्थितियों से निपटने में प्रशिक्षित 30 सदस्यीय विशेष टीम को चेन्नई से रवाना किया गया। टीम आवश्यक PPE किट, गैस डिटेक्शन उपकरण और CBRN रेस्क्यू गियर के साथ घटनास्थल पर पहुंची। फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है।

Tamilnadu fire: अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा इलाज

जिला कलेक्टर एस. कविता ने बताया कि प्रभावित कर्मचारियों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। इनमें 46 लोगों का इलाज वेल्स हॉस्पिटल और 21 लोगों का इलाज वेंकटेश्वर हॉस्पिटल में चल रहा है। उन्होंने बताया कि सबसे गंभीर हालत वाले 9 मरीजों को बेहतर इलाज के लिए चेन्नई के सरकारी स्टेनली मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। कलेक्टर ने अस्पतालों का दौरा कर मरीजों का हाल जाना और राहत कार्यों की समीक्षा की।

Tamilnadu fire: कई मरीज वेंटिलेटर पर

एक निजी अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया कि उनके अस्पताल में 44 मरीज भर्ती किए गए हैं, जिनमें 43 महिलाएं और एक पुरुष शामिल है। इनमें से 15 से 16 मरीजों को इंट्यूबेट करना पड़ा, जबकि 11 मरीज फिलहाल वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। डॉक्टर के मुताबिक ज्यादातर प्रभावित कर्मचारी 24 से 25 वर्ष की युवा महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि मरीजों का ब्लड प्रेशर काफी कम है, लेकिन उनकी उम्र कम होने की वजह से डॉक्टरों को उनके स्वस्थ होने की उम्मीद है।

जांच के आदेश

Tamilnadu fire: प्रशासन ने फैक्ट्री में गैस रिसाव के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती जानकारी में वाल्व में खराबी की आशंका जताई जा रही है। साथ ही एक्सपोर्ट यूनिट में सुरक्षा मानकों के पालन में किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी।

 

 

ये भी पढ़ें: NEET अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट पर रुके PM मोदी, ट्रैफिक प्रभावित न हो इसलिए लिया फैसला