Home » स्पोर्ट्स » हरमनप्रीत के 200वें टी20 में भारत की चुनौती, साउथ अफ्रीका के सामने 159 रन का लक्ष्य

हरमनप्रीत के 200वें टी20 में भारत की चुनौती, साउथ अफ्रीका के सामने 159 रन का लक्ष्य

Sports: वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय महिला टीम आज मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर साउथ अफ्रीका से भिड़ रही है। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 158 रन बनाए। अब साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 159 रन की जरूरत है। दूसरी पारी में लौरा वुल्वार्ट और तैजमिन ब्रिट्स ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई है, जबकि भारत को पहले विकेट की तलाश है।

बेहद खास मुकाबला

यह मुकाबला हरमनप्रीत कौर के लिए भी बेहद खास है। वह अपने करियर का 200वां टी20 इंटरनेशनल मैच खेल रही हैं। इसके साथ ही वह पुरुष और महिला क्रिकेट में 200 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं। भारत ने इस मैच के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। प्रेमा रावत को डेब्यू का मौका मिला है, जबकि अरुंधति रेड्डी की भी टीम में वापसी हुई है। भारतीय पारी की शुरुआत स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा ने आक्रामक अंदाज में की। दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ तीन ओवर में 30 रन जोड़ दिए। मंधाना 17 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि शैफाली ने 15 गेंदों में 31 रनों की तेज पारी खेली। इसके बाद यास्तिका भाटिया ने 15 और जेमिमा रोड्रिग्स ने 12 रन बनाए।

Sports: कप्तान हरमनप्रीत कौर 

मध्यक्रम में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 24 रन का योगदान दिया, जबकि दीप्ति शर्मा ने 21 गेंदों में 29 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। साउथ अफ्रीका की ओर से मरिजेन कैप और शबनम इस्माइल ने दो-दो विकेट हासिल किए। भारतीय टीम शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। उसने टूर्नामेंट की शुरुआत पाकिस्तान पर 64 रन की जीत के साथ की थी, जबकि दूसरे मुकाबले में नीदरलैंड्स को 95 रन से हराया था। लगातार दो जीत के दम पर भारत ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर मौजूद है।

साउथ अफ्रीका

Sports: वहीं साउथ अफ्रीका का प्रदर्शन अब तक मिला-जुला रहा है। टीम को पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 65 रन से हार मिली थी, लेकिन दूसरे मुकाबले में उसने पाकिस्तान को दो विकेट से हराकर वापसी की। फिलहाल साउथ अफ्रीका के खाते में दो अंक हैं और वह अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या साउथ अफ्रीका 159 रन के लक्ष्य को हासिल कर पाएगा या भारतीय गेंदबाज टीम को लगातार तीसरी जीत दिलाने में सफल होंगे।

 

Written by: Kanishka Ram

 

 

ये भी पढ़ें: NEET अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट पर रुके PM मोदी, ट्रैफिक प्रभावित न हो इसलिए लिया फैसला