UP Girl Self Immolation: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के कोतवाली शहर थाने में रविवार रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। एक महिला रेसलर ने इंस्पेक्टर के चैंबर में पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग के हवाले कर दिया। यह घटना रात करीब 10:45 बजे हुई। आग लगने के बाद महिला मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगी और अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर दौड़ने लगी। इस दौरान इंस्पेक्टर के कमरे में लगे पर्दों ने भी आग पकड़ ली, जिससे पूरे थाने में हड़कंप मच गया।
पुलिसकर्मियों ने बचाई जान
घटना के समय मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग बुझाई और महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार महिला करीब 60 प्रतिशत तक झुलस चुकी है और उसकी स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है।

प्रेम संबंध और शादी का विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला का एक फौजी युवक के साथ प्रेम संबंध था। आरोप है कि युवक ने उससे शादी करने का वादा किया था, लेकिन बाद में अपने वादे से पीछे हट गया। इसके बाद महिला ने उसके खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था।हालांकि, आरोपी फौजी ने हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर स्टे ले रखा है। इसी वजह से पुलिस उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर पा रही थी। माना जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर महिला ने यह कदम उठाया।
UP Girl Self Immolation: थाना प्रभारी निलंबित
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर अमर सिंह राठौर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।25 वर्षीय महिला ने एमएससी तक पढ़ाई की है और रेसलिंग भी करती है। उसके पिता होमगार्ड थे। कई वर्ष पहले डीएम आवास पर हुए गोलीकांड में उनकी मौत हो गई थी। पिता की मृत्यु के बाद उसकी मां ने नरेश कुमार नाम के व्यक्ति से दूसरी शादी कर ली थी। महिला का एक भाई भी है।
जानकारी के अनुसार करीब तीन साल पहले महिला की मुलाकात बिजनौर निवासी फौजी सौरभ से सरस्वती विद्या मंदिर में हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। महिला का आरोप है कि सौरभ ने उससे शादी करने का वादा किया था, लेकिन बाद में शादी करने से इनकार कर दिया।

पहले भी दर्ज हुआ था मुकदमा
एसपी अभिषेक झा के अनुसार महिला ने पहले भी सौरभ के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। जांच के दौरान पर्याप्त सबूत नहीं मिलने पर पुलिस ने मामले में अंतिम रिपोर्ट (एफआर) लगा दी थी।इसके बाद महिला ने दोबारा युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इस बार पुलिस ने जांच के बाद कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी। वहीं, सौरभ ने हाईकोर्ट से अपनी गिरफ्तारी पर रोक का आदेश प्राप्त कर रखा है।
रविवार दोपहर महिला अपनी मां के साथ शहर कोतवाली पहुंची थी। वह लगातार पुलिस से सौरभ के खिलाफ कार्रवाई करने और उसकी गिरफ्तारी की मांग कर रही थी। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाकर वापस घर भेज दिया था।
रात में दोबारा पहुंची
दोपहर में लौटने के बाद महिला रात में फिर से थाने पहुंची। उसने एक बार फिर आरोपी फौजी की गिरफ्तारी की मांग की। जब उसकी मांग पर कोई ठोस कार्रवाई होती नहीं दिखी, तो उसने कथित रूप से पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली।
पुलिसकर्मियों ने तुरंत आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई। एसपी अभिषेक झा और एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह तुरंत कोतवाली पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

सीसीटीवी में सामने आई नई जानकारी
एसपी अभिषेक झा ने बताया कि महिला करीब 60 प्रतिशत तक झुलसी हुई है और उसका इलाज मेरठ में चल रहा है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में यह बात सामने आई है कि महिला के सौतेले पिता नरेश कुमार ने ही उसे तेल की बोतल लाकर दी थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें…21 साल पुराने सपा कार्यालय पर चला बुलडोजर: तड़के पहुंची प्रशासनिक टीम, दो घंटे में ढहा पूरा भवन








