Home » Breaking News » राम मंदिर चंदा चोरी कांड में बड़ा खुलासा! 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की तैयारी

राम मंदिर चंदा चोरी कांड में बड़ा खुलासा! 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की तैयारी

RAM MANDIR NEWS: अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के कथित मामले में विशेष जांच दल (SIT) की जांच के बाद अब बड़ी कार्रवाई की तैयारी चल रही है। सूत्रों के मुताबिक, मामले में छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे में बदलाव की भी चर्चा तेज हो गई है।

SIT जांच के बाद FIR की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, चढ़ावा चोरी के आरोपों की जांच पूरी होने के बाद छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। करीब 18 दिन पहले सामने आए इस मामले की जांच विशेष जांच समिति (SIT) कर रही थी, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

RAM MANDIR NEWS: ट्रस्ट में प्रशासनिक बदलाव के संकेत

सूत्रों का दावा है कि राम मंदिर ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे में भी बदलाव हो सकता है। चर्चा है कि ट्रस्ट के नए मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) के रूप में किसी सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी की नियुक्ति की जा सकती है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक ट्रस्ट की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

अखिलेश यादव ने उठाए थे सवाल

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मामले को लेकर पहले ही सरकार और एसआईटी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि बिना एफआईआर के एसआईटी का कोई औचित्य नहीं है और तंज कसते हुए एसआईटी का अर्थ “शेयर इन थेफ्ट” यानी चोरी में हिस्सेदारी बताया था।

RAM MANDIR NEWS: ‘आस्था के साथ छेड़छाड़’ का लगाया आरोप

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया था कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया गया दान पूरे देश और विदेशों से आया था, ऐसे में कथित चढ़ावा चोरी बेहद संवेदनशील मामला है। उन्होंने कहा था कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा यह विषय पूरी पारदर्शिता के साथ जांच का पात्र है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

अब आधिकारिक कार्रवाई पर नजर

एफआईआर दर्ज होने और ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे में संभावित बदलाव की चर्चाओं के बीच अब सभी की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है। यदि प्राथमिकी दर्ज होती है, तो राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जांच कानूनी प्रक्रिया के अगले चरण में प्रवेश कर जाएगी।

ये भी पढ़े… Yadav Surname Controversy: बीजेपी पर हमला पड़ा भारी? सरनेम को लेकर विवादों में घिरे अखिलेश यादव