Maharashtra News: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत की ओर से मुंबई पुलिस आयुक्त को लिखे गए पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य में किसी को भी बम की धमकी देकर दहशत फैलाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
‘खोखली धमकियों से डरने की जरूरत नहीं’
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा, “हम किसी का घर बम से नहीं उड़ने देंगे और किसी को भी ऐसी खोखली धमकियों से डरने की जरूरत नहीं है। अगर कोई धमकी देता है तो महाराष्ट्र पुलिस पूरी तरह सक्षम है और उसे करारा जवाब देगी।”
Maharashtra News: संजय राउत ने यूएपीए के तहत कार्रवाई की मांग की
दरअसल, शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती को पत्र लिखकर हाल ही में शिंदे गुट में शामिल सांसद संजय दीना पाटिल के खिलाफ यूएपीए के तहत मामला दर्ज करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। राउत का आरोप है कि पाटिल ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को गंभीर धमकियां दी हैं।
‘बम फेंकने और हत्या’ की कथित धमकी का आरोप
राउत ने अपने पत्र में दावा किया कि संजय दीना पाटिल ने विरोध करने वालों से कहा कि उनके खिलाफ प्रदर्शन करने से पहले जीवन बीमा करा लें, क्योंकि वे उन्हें अस्पताल या कब्रिस्तान पहुंचा देंगे। राउत के अनुसार, पाटिल ने खुद पांच लोगों की हत्या करने और जरूरत पड़ने पर बम फेंकने जैसी बातें भी कही हैं।
Maharashtra News: एटीएस जांच और हत्या का केस दर्ज करने की मांग
संजय राउत ने इन कथित बयानों के आधार पर पाटिल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (एटीएस) से उनके घर पर छापा मारने और यह जांच कराने की भी मांग की कि कहीं वहां विस्फोटक सामग्री तो नहीं रखी गई है।
राजनीतिक तनाव बढ़ा
इस पूरे घटनाक्रम के बाद मुंबई उत्तर-पूर्व लोकसभा क्षेत्र में ठाकरे और शिंदे गुट के कार्यकर्ताओं के बीच राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ा दी है।
ये भी पढ़े… मोहन यादव के समर्थन में उतरे अखिलेश यादव, बोले- तीन मुख्यमंत्रियों को हटाने की तैयारी में है भाजपा








