Home » राष्ट्रीय » राजीव चौक को जाम से मिलेगी राहत, NHAI बनाएगा दो एलिवेटेड रैंप

राजीव चौक को जाम से मिलेगी राहत, NHAI बनाएगा दो एलिवेटेड रैंप

Rajiv Chowk Flyover:
Rajiv Chowk Flyover:

Rajiv Chowk Flyover: गुरुग्राम के सबसे व्यस्त राजीव चौक को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने बड़ा कदम उठाया है। प्राधिकरण ने दो एलिवेटेड रैंप का डिजाइन तैयार कर लिया है। इन रैंप के बनने से दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे और गुरुग्राम-सोहना हाईवे के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा, जिससे हजारों वाहन चालकों को राहत मिलेगी।

Rajiv Chowk Flyover: दो एलिवेटेड रैंप से मिलेगा सीधा रास्ता-

योजना के तहत पहला एलिवेटेड रैंप दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे से गुरुग्राम-सोहना हाईवे तक बनाया जाएगा। वहीं दूसरा रैंप गुरुग्राम-सोहना हाईवे से दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे तक तैयार होगा। इससे दिल्ली की ओर से आने वाले वाहन बिना राजीव चौक पर रुके सीधे सोहना हाईवे पहुंच सकेंगे, जबकि सोहना की तरफ से आने वाले वाहन सीधे दिल्ली और जयपुर की दिशा में जा सकेंगे।

Rajiv Chowk Flyover: 25-30 मिनट तक जाम में फंसते हैं वाहन-

राजीव चौक गुरुग्राम का प्रमुख ट्रैफिक जंक्शन है, जहां से शहर के लगभग सभी हिस्सों के लिए रास्ते निकलते हैं। इसी वजह से यहां 24 घंटे ट्रैफिक का भारी दबाव रहता है। सामान्य परिस्थितियों में जहां वाहनों को चौक पार करने में एक मिनट से भी कम समय लगना चाहिए, वहीं पीक आवर में 25 से 30 मिनट और कई बार आधे घंटे से अधिक समय लग जाता है।

बीएसएनएल की जमीन मिलने से बढ़ी परियोजना की रफ्तार-

दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे से सोहना हाईवे की ओर जाने वाला एलिवेटेड रैंप ताऊ देवीलाल स्टेडियम के पास से बनाया जाएगा। वहीं सोहना हाईवे से एक्सप्रेसवे की ओर बनने वाले रैंप के लिए बीएसएनएल की जमीन की जरूरत थी। अधिकारियों के अनुसार, बीएसएनएल जमीन देने पर सहमत हो गया है, जिससे परियोजना की प्रक्रिया तेज हो गई है।

डिजाइन तैयार, जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया-

NHAI ने दोनों एलिवेटेड रैंप का डिजाइन तैयार कर लिया है। अब परियोजना की लागत का अनुमान तैयार किया जाएगा और इसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। NHAI के परियोजना निदेशक योगेश तिलक ने बताया कि जल्द ही आगे की औपचारिकताएं पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का बढ़ेगा उपयोग-

अधिकारियों का मानना है कि एलिवेटेड रैंप बनने के बाद राजीव चौक का जाम काफी हद तक खत्म होगा। इससे गुरुग्राम-सोहना हाईवे के जरिए जुड़े दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का उपयोग भी बढ़ेगा। फिलहाल स्थिति यह है कि कई बार राजीव चौक पार करने में अलीपुर तक पहुंचने से भी अधिक समय लग जाता है।

सरकार ने जल्द काम शुरू होने का जताया भरोसा-

हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि राजीव चौक पर ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए एलिवेटेड रैंप की योजना बनाई गई है। अधिकारियों को जल्द से जल्द जमीनी स्तर पर काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस परियोजना के पूरा होने से गुरुग्राम की सबसे बड़ी ट्रैफिक समस्याओं में से एक का स्थायी समाधान होगा।

यह भी पढ़े- दिन निकलते ही OP राजभर का अखिलेश पर तंज बोले- उठ जाइए महाराज, दादरी की फ्लॉप रैली के बाद हिम्मत जवाब दे गई क्या?