Home » राजनीति » छात्रों के आंदोलन के बीच बेरोजगारी पर मंथन करेगी कांग्रेस, दो दिन के अधिवेशन में उठेंगे 4 बड़े मुद्दे

छात्रों के आंदोलन के बीच बेरोजगारी पर मंथन करेगी कांग्रेस, दो दिन के अधिवेशन में उठेंगे 4 बड़े मुद्दे

 Congress Unemployment:

Congress Unemployment: देश में छात्रों और युवाओं के आंदोलन के बीच कांग्रेस ने बेरोजगारी समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा करने का फैसला लिया है। पार्टी की ओर से 12 और 13 अगस्त को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में ‘रचनात्मक कांग्रेस’ का अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। इस दो दिवसीय कार्यक्रम में सामाजिक न्याय, आर्थिक न्याय, बेरोजगारी और पर्यावरण जैसे चार प्रमुख मुद्दों पर मंथन होगा। इसके अलावा शिक्षा और पलायन जैसे विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।

Congress Unemployment: 4 प्रमुख मुद्दों पर होगा मंथन-

कांग्रेस के मुताबिक, रचनात्मक कांग्रेस के अधिवेशन में मुख्य रूप से सामाजिक न्याय, आर्थिक न्याय, बेरोजगारी और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही शिक्षा और पलायन के मुद्दे को भी चर्चा में शामिल किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि इन विषयों पर जमीन से जुड़े लोगों और अलग-अलग क्षेत्रों के प्रतिनिधियों की राय ली जाएगी।

पहले दिन करीब 400 लोग होंगे शामिल-

कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने रचनात्मक कांग्रेस के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि पहले दिन करीब 400 लोग शामिल होंगे। इस दौरान रचनात्मक कांग्रेस का परिचय देने के साथ ही संगठन की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। अलग-अलग विषयों पर विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों के विचार भी सामने रखे जाएंगे।

Congress Unemployment: दूसरे दिन 600 लोगों की मौजूदगी-

अधिवेशन के दूसरे दिन करीब 600 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। संदीप दीक्षित के मुताबिक, दूसरे दिन पहले दिन हुई चर्चा की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद एक खुला सत्र आयोजित होगा, जिसमें कोई भी व्यक्ति सवाल पूछ सकेगा।

राहुल गांधी और खरगे देंगे सवालों के जवाब-

खुले सत्र में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी समेत पार्टी के अन्य नेता लोगों के सवालों का जवाब देंगे। संदीप दीक्षित ने बताया कि दूसरे दिन के कार्यक्रम में कोई अध्यक्ष नहीं होगा। यह पूरी तरह खुला सत्र होगा, जिसमें लोगों को सीधे सवाल पूछने का मौका मिलेगा।

‘रचनात्मक कांग्रेस’ बनेगा अलग संगठन-

कांग्रेस ने बताया कि ‘रचनात्मक कांग्रेस’ एक अलग संगठन के रूप में तैयार किया जा रहा है। इसके तहत समाज के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों को शामिल किया जाएगा। पार्टी के अनुसार, इसका उद्देश्य लोगों की समस्याओं और विचारों को मंच देना है। संदीप दीक्षित ने कहा कि रचनात्मक कांग्रेस के तहत चार सत्रों में अलग-अलग विषयों पर चर्चा होगी। इसके बाद संगठन की आगे की रणनीति तय की जाएगी कि इसे किस तरह जमीन पर काम करना है।

‘यह लोगों का मंच होगा’-

संदीप दीक्षित ने कहा कि पार्टी का विचार है कि जमीन पर काम करने वाला व्यक्ति हो या शीर्ष स्तर पर काम करने वाला, सभी को समान महत्व दिया जाए। उन्होंने कहा कि यह लोगों का मंच होगा और इसमें लोगों की बात रखी जाएगी। उनके मुताबिक, इस कार्यक्रम को मल्लिकार्जुन खरगे ने तय किया है और वही इसका नेतृत्व करेंगे।

कई राज्यों के प्रतिनिधि होंगे शामिल-

रचनात्मक कांग्रेस के अधिवेशन में देश के कई राज्यों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। इनमें उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, बिहार, दिल्ली, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तेलंगाना और हरियाणा शामिल हैं। इसके अलावा अन्य राज्यों से भी प्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना है। संदीप दीक्षित ने कहा कि आज तक किसी राजनीतिक दल ने इस तरह का खुला मंच तैयार नहीं किया है। कार्यक्रम में लोगों की जिज्ञासाओं का जवाब दिया जाएगा और राहुल गांधी भी समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ खुला संवाद करेंगे

यह भी पढ़े- छात्रों के मुद्दे पर राहुल गांधी पर बरसे धर्मेंद्र प्रधान, बोले- झारखंड में कार्रवाई पर क्यों चुप हैं