JPSC Protest: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर JPSC-JSSC की कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों ने शनिवार को रांची में तिरंगा यात्रा निकाली। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू हुई यह यात्रा लालपुर चौक और फिरायालाल चौक तक पहुंची। हाथों में तिरंगा लेकर छात्रों ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार और कथित धांधली की जांच की मांग को लेकर नारे लगाए।
JPSC Protest: जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से निकली तिरंगा यात्रा-
छात्रों की तिरंगा यात्रा जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू हुई। इसके बाद छात्र लालपुर चौक होते हुए फिरायालाल चौक पहुंचे और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। यात्रा के दौरान छात्रों ने देशभक्ति के नारों के साथ सरकार से JPSC-JSSC की परीक्षा व्यवस्था में सुधार और कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की।
JPSC Protest: देवेंद्र नाथ महतो को पुलिस ने रोका-
तिरंगा यात्रा के दौरान छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो भी इसमें शामिल होने पहुंचे। हालांकि, पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान देवेंद्र नाथ महतो और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस की कार्रवाई को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों में नाराजगी देखने को मिली।छात्रों का कहना है कि तिरंगा यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें सरकार तक पहुंचाने के लिए आयोजित की गई थी। ऐसे में आंदोलन से जुड़े नेताओं और छात्रों को यात्रा में शामिल होने से रोकना सवाल खड़े करता है।
भूख हड़ताल पर बैठे छात्र-छात्रा भी हुए शामिल-
कई दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे एक छात्र और एक छात्रा ने भी तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया। वहीं, तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कुछ छात्र भी यात्रा में शामिल होना चाहते थे, लेकिन पुलिस की अनुमति नहीं मिलने के कारण वे इसमें शामिल नहीं हो सके।
लालपुर से फिरायालाल चौक तक गूंजे नारे-
हाथों में तिरंगा लेकर छात्रों ने लालपुर चौक से फिरायालाल चौक तक अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए। यात्रा के बाद सभी छात्र वापस जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम लौट आए। छात्रों ने साफ किया कि तिरंगा यात्रा के बाद भी उनका आंदोलन जारी रहेगा।
‘अभी गांधीवादी आंदोलन कर रहे हैं’-
छात्र नेता रविंद्र पासवान ने कहा कि फिलहाल छात्र गांधीवादी तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की। रविंद्र पासवान ने चेतावनी देते हुए कहा, “अभी हम गांधीवादी आंदोलन कर रहे हैं, सरकार हमारी मांगों पर विचार नहीं करती और नहीं मानती है, तो भगत सिंह बनने में देर नहीं लगेगी।”
स्टेडियम में जारी रहेगा आंदोलन-
तिरंगा यात्रा खत्म होने के बाद छात्र वापस जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे। छात्रों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार की ओर से ठोस पहल नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। स्वतंत्रता दिवस पर निकली इस यात्रा में एक तरफ छात्रों ने तिरंगा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर पुलिस की रोक-टोक और देवेंद्र नाथ महतो के साथ हुई धक्का-मुक्की ने आंदोलन को लेकर तनाव भी सामने ला दिया। अब छात्रों की नजर सरकार के अगले कदम पर है।
यह भी पढ़े- ट्रंप के दबाव के बावजूद सीरिया ने लेबनान में सैन्य दखल से किया इनकार








