Indonesia Earthquake 2026: शनिवार तड़के इंडोनेशिया के तट पर 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी। भूकंप के बाद कई इलाकों में इमारतें और घर ढह गए। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में कम से कम 38 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य घायल हैं। वहीं, स्पेन के ग्रेनाडा में भी 5.0 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
Indonesia Earthquake 2026: इंडोनेशिया में 38 लोगों की मौत-
यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 5:58 बजे फ्लोरेस इलाके में भूकंप आया। इसकी गहराई करीब 10 किलोमीटर थी और केंद्र ईस्ट नुसा तेंगारा प्रांत के एंडे शहर से लगभग 68 किलोमीटर दूर था। भूकंप के बाद कई आफ्टरशॉक्स भी महसूस किए गए। नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसी के प्रमुख सुहार्यांतो के अनुसार, राहत और बचावकर्मियों ने अब तक 38 शव बरामद किए हैं।
Indonesia Earthquake 2026: भूस्खलन में दबे 16 शव बरामद-
सबसे ज्यादा नुकसान सिक्का, मंग्गाराई और ईस्ट मंग्गाराई इलाकों में हुआ है। मंग्गाराई के रेओक गांव में भूस्खलन के बाद मलबे से 16 शव बरामद किए गए। कम से कम 13 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें दो लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।
2 हजार ग्रामीणों ने छोड़े घर-
भूकंप के बाद नागेकेओ इलाके के करीब 2,000 ग्रामीण अपने घर छोड़कर अस्थायी शेल्टर में चले गए। अधिकारियों ने बताया कि राहत और इमरजेंसी ऑपरेशन के लिए तीन हेलीकॉप्टर और एक बचाव जहाज तैनात किया गया है। ईस्ट नुसा तेंगारा में कई द्वीप होने के कारण राहत और बचाव दलों को प्रभावित इलाकों तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह बिजली गुल होने से भी राहत कार्य प्रभावित हुआ है।
स्पेन के ग्रेनाडा में 5.0 तीव्रता का भूकंप-
इंडोनेशिया के बाद स्पेन में भी धरती हिली। मशहूर पर्यटन शहर ग्रेनाडा में शनिवार आधी रात के बाद 5.0 तीव्रता का भूकंप आया। नेशनल ज्योग्राफिकल इंस्टीट्यूट (IGN) के अनुसार, झटके रात करीब 1 बजे महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र ग्रेनाडा से करीब 10 किलोमीटर दक्षिण में अलहेंडिन शहर के पास बताया गया है।
ग्रेनाडा में घरों और गाड़ियों को नुकसान-
भूकंप के बाद ग्रेनाडा और आसपास के इलाकों में लोगों में दहशत फैल गई। स्पेनिश मीडिया की तस्वीरों में सड़कों पर मलबा और कुछ कारों की टूटी खिड़कियां दिखाई दीं। अंडालूसिया की इमरजेंसी सर्विस को पूरे इलाके से 200 से ज्यादा कॉल मिले। कई लोगों ने तेज झटकों के कारण नींद से जागने की जानकारी दी।
ग्रेनाडा में इतने तेज भूकंप दुर्लभ-
ग्रेनाडा में छोटे-मोटे भूकंप आते रहते हैं, लेकिन 5.0 तीव्रता तक पहुंचने वाले झटके अपेक्षाकृत दुर्लभ हैं। इस भूकंप ने लोगों को आधी रात में घरों से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया। ग्रेनाडा यूनेस्को की विश्व धरोहर में शामिल अलहम्ब्रा पैलेस के लिए भी प्रसिद्ध है। भूकंप के बाद प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
यह भी पढ़े- JPSC Protest: तिरंगा यात्रा में छात्रों का प्रदर्शन, देवेंद्र महतो से धक्का-मुक्की








