Ashish Banerjee Death: पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता आशीष बनर्जी का शव बीरभूम जिले के रामपुरहाट में पार्टी कार्यालय के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी सामने आते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पार्टी कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
घर के पास ही था TMC कार्यालय
आशीष बनर्जी का घर रामपुरहाट शहर के हट्टालापारा इलाके में था। उनके घर के ठीक पास ही तृणमूल कांग्रेस का स्थानीय कार्यालय स्थित है। इसी पार्टी कार्यालय में उनका शव फंदे से लटका हुआ पाया गया।घटना की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जरूरी कार्रवाई शुरू की और मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
रामपुरहाट से पांच बार रहे विधायक
74 वर्षीय आशीष बनर्जी TMC के पुराने और वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे। उन्होंने रामपुरहाट विधानसभा सीट से 2001 से 2021 तक लगातार पांच विधानसभा चुनाव जीते थे।हालांकि, 2026 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्हें BJP उम्मीदवार ध्रुबा साहा के हाथों हार का सामना करना पड़ा। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, आशीष बनर्जी को 87,687 वोट मिले थे, जबकि ध्रुबा साहा को 1,11,920 वोट प्राप्त हुए। साहा ने करीब 24,000 वोटों के अंतर से रामपुरहाट सीट पर जीत दर्ज की।
13वें डिप्टी स्पीकर के रूप में संभाली जिम्मेदारी
आशीष बनर्जी ने जुलाई 2021 से मई 2026 तक पश्चिम बंगाल विधानसभा के 13वें डिप्टी स्पीकर के रूप में काम किया था।रामपुरहाट में जन्मे आशीष बनर्जी ने बर्दवान यूनिवर्सिटी से PhD की थी। राजनीति में सक्रिय रहने के साथ उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में भी काम किया। वह रामपुरहाट कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर रह चुके थे।
पार्टी कार्यालय से कथित सुसाइड नोट मिलने की बात
सूत्रों के अनुसार, रामपुरहाट में उनके आवास के पास मौजूद पार्टी कार्यालय से एक कथित ‘सुसाइड नोट’ भी बरामद हुआ है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि आशीष बनर्जी की मौत किन परिस्थितियों में हुई।पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तथा अन्य सबूतों के आधार पर मौत की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।आशीष बनर्जी ने जून 2026 में तृणमूल कांग्रेस की बीरभूम जिला कोर कमेटी के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, उस समय उन्होंने साफ किया था कि वह पार्टी के सामान्य सदस्य के तौर पर TMC से जुड़े रहेंगे।
बीरभूम में बदला चुनावी समीकरण
हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीरभूम जिले में भी राजनीतिक समीकरण बदले हैं। BJP ने जिले की कुल 11 विधानसभा सीटों में से छह पर जीत हासिल की।इसके मुकाबले 2021 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने बीरभूम की 11 में से 10 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि BJP के खाते में सिर्फ एक सीट गई थी।आशीष बनर्जी के निधन की खबर के बाद पार्टी कार्यालय और आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग जुटे हुए हैं। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े- दिल्ली-NCR में कब होगी बारिश? यूपी-बिहार समेत 12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट








