Home » अंतरराष्ट्रीय » ऑस्ट्रेलिया में अकाउंटेंट की नौकरी छोड़ी, भारत आकर बस गया विदेशी युवक, बोला- सपनों से बेहतर जिंदगी जी रहा हूं

ऑस्ट्रेलिया में अकाउंटेंट की नौकरी छोड़ी, भारत आकर बस गया विदेशी युवक, बोला- सपनों से बेहतर जिंदगी जी रहा हूं

Aussie Bhai:

Aussie Bhai: ऑस्ट्रेलिया के रहने वाले कंटेंट क्रिएटर एंडी इवांस इन दिनों भारत में काफी लोकप्रिय हैं। वह सोशल मीडिया पर ‘ऑसी भाई’ के नाम से जाने जाते हैं और भारतीय संस्कृति व यहां की जिंदगी से जुड़े वीडियो शेयर करते हैं। खास बात यह है कि एंडी पहले ऑस्ट्रेलिया में अकाउंटेंट की नौकरी करते थे, लेकिन भारत से जुड़ाव इतना बढ़ा कि उन्होंने अपनी नौकरी, घर और बाकी सबकुछ छोड़कर भारत में बसने का फैसला कर लिया।

Aussie Bhai: 2019 में पहली बार भारत आए थे एंडी-

एंडी इवांस को 2019 में KPMG की ओर से तीन महीने के प्रोजेक्ट के लिए भारत आने का मौका मिला था। उन्होंने यह ऑफर स्वीकार किया और भारत आ गए। तीन महीने के प्रोजेक्ट के लिए आए एंडी को भारत इतना पसंद आया कि वह करीब एक साल तक यहां रहे। इसके बाद कोरोना महामारी की शुरुआत में वह वापस ऑस्ट्रेलिया चले गए।

Aussie Bhai: भारतीय दोस्त की शादी में दोबारा आए भारत-

करीब तीन साल बाद एंडी के एक भारतीय दोस्त ने उन्हें अपनी शादी में शामिल होने के लिए भारत बुलाया। इस दौरान भारत लौटकर उन्हें यहां की जिंदगी पहले से भी ज्यादा पसंद आई। एंडी के दोस्त ने उनसे कहा कि अगर उन्हें भारत में रहना इतना पसंद है तो वह वापस आकर यहां रह सकते हैं। इसके बाद एंडी ने भारत में रहने का फैसला कर लिया।

नौकरी और घर छोड़कर भारत में बस गए-

एंडी ने बताया कि वह बिना किसी खास प्लान या नौकरी के भारत वापस आए थे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की नौकरी, घर और अपनी पुरानी जिंदगी छोड़ दी और भारत में रहने का फैसला किया। उनका कहना है कि दूसरे लोग यूके, कनाडा, अमेरिका या बाली जाने का सपना देखते हैं, लेकिन उन्होंने भारत को अपना घर बनाने का फैसला किया। एंडी के मुताबिक, यह उनकी जिंदगी का सबसे अच्छा फैसला साबित हुआ।

बोले- सपनों से भी बेहतर जिंदगी जी रहा हूं-

एंडी ने भारत के बारे में अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि इस देश ने उन्हें वह इंसान बनने का मौका दिया, जो वह हमेशा से बनना चाहते थे। उन्होंने कहा कि आज वह ऐसी जिंदगी जी रहे हैं, जो उनके सपनों से भी बेहतर है। एंडी को भारत की ऊर्जा, यहां के लोग, संस्कृति और समुदाय से जुड़ाव काफी पसंद है।

भारत आने के बाद शुरू किया कंटेंट क्रिएशन-

भारत आने के कुछ महीनों बाद एंडी ने वीडियो बनाना शुरू किया। शुरुआत में वह ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई करने के इच्छुक छात्रों के लिए कंटेंट बनाते थे। उनके वीडियो को अच्छा रिस्पॉन्स मिला और धीरे-धीरे उन्होंने फुल-टाइम कंटेंट क्रिएशन को अपना करियर बना लिया। अब एंडी यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर भारत से जुड़े वीडियो बनाते हैं और बड़े ब्रांड्स के साथ भी काम करते हैं। वह अपनी मौजूदा जिंदगी को अपने जीवन का शानदार सफर बताते हैं। एंडी का कहना है कि भारत में रहने के बाद उनका इस देश से प्यार हर दिन और बढ़ता जा रहा है।

यह भी पढ़े- भारत-स्विट्जरलैंड डील: 10 लाख रोजगार, 100 अरब डॉलर निवेश, भारतीयों को कई फायदे