पाकिस्तान टी20 कप्तानी में बड़ा बदलाव, साहिबजादा फरहान बने नए कप्तान; बाबर-शाहीन ड्रॉप

Pakistan T20 Captaincy Change:

Pakistan T20 Captaincy Change: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 5 अक्टूबर को टी20 टीम को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को पाकिस्तान टी20 टीम का नया कप्तान बनाया गया है। वह सलमान अली आगा की जगह लेंगे। इसके साथ ही बाबर आजम, शाहीन शाह अफरीदी और हारिस रऊफ को श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए टीम से बाहर कर दिया गया है।

Pakistan T20 Captaincy Change: सलमान अली आगा की कप्तानी से छुट्टी-

सलमान अली आगा को पाकिस्तान की टी20 कप्तानी से हटा दिया गया है। उनकी कप्तानी में टीम एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप में खास प्रदर्शन नहीं कर सकी थी। अब PCB ने साहिबजादा फरहान को टीम की कमान सौंपी है। सलमान को श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम में भी जगह नहीं मिली है।

Pakistan T20 Captaincy Change: बाबर आजम और शाहीन अफरीदी भी टी20 टीम से बाहर-

बाबर आजम, शाहीन शाह अफरीदी और हारिस रऊफ को टी20 टीम से बाहर रखा गया है। हालांकि, तीनों खिलाड़ी इंग्लैंड और श्रीलंका के खिलाफ होने वाली वनडे ट्राई सीरीज में पाकिस्तान की टीम का हिस्सा होंगे। टी20 फॉर्मेट में हालिया प्रदर्शन को देखते हुए इन खिलाड़ियों को टीम से बाहर करने का फैसला लिया गया है।

एशियन गेम्स में कप्तानी कर चुके हैं साहिबजादा फरहान-

साहिबजादा फरहान की कप्तानी में पाकिस्तान की टीम हाल ही में एशियन गेम्स के फाइनल तक पहुंची थी। फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को भारत के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। अब PCB ने उन्हें टी20 टीम की स्थायी कमान सौंपी है।

शाहीन वनडे कप्तान बने रहेंगे-

टी20 टीम से बाहर होने के बावजूद शाहीन शाह अफरीदी को वनडे टीम की कप्तानी से नहीं हटाया गया है। वह इंग्लैंड और श्रीलंका के खिलाफ होने वाली वनडे ट्राई सीरीज में पाकिस्तान की अगुवाई करेंगे। वहीं, एशियन गेम्स के फाइनल में विकेटकीपिंग के दौरान खराब प्रदर्शन के बाद उस्मान खान को भी टी20 टीम से बाहर कर दिया गया है।

रजाउल्लाह को पहली बार व्हाइट-बॉल टीम में मौका-

इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी टेस्ट में नौ छक्के लगाकर पाकिस्तान की जीत के हीरो रहे रजाउल्लाह को भी टी20 और वनडे दोनों टीमों में शामिल किया गया है। यह पहली बार है जब उन्हें पाकिस्तान की व्हाइट-बॉल टीम में जगह मिली है।

9 अक्टूबर से शुरू होगी पाकिस्तान-श्रीलंका टी20 सीरीज-

पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 9 अक्टूबर को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दूसरा मैच 11 अक्टूबर और तीसरा मुकाबला 13 अक्टूबर को होगा। टी20 सीरीज के बाद पाकिस्तान, इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच सात मैचों की वनडे ट्राई सीरीज खेली जाएगी। इसके शुरुआती तीन मुकाबले रावलपिंडी में होंगे, जबकि बाकी मैच और फाइनल लाहौर में खेले जाएंगे।

पाकिस्तान की टी20 टीम-

साहिबजादा फरहान (कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, अराफात मिन्हास, फखर जमान, हसन नवाज, ख्वाजा नफे (विकेटकीपर), माज सदाकत, मोहम्मद सलमान मिर्जा, मुहम्मद इमरान रंधावा, नसीम शाह, रजाउल्लाह, सईम अयूब, शादाब खान और सुफियान मोकिम।

पाकिस्तान की वनडे ट्राई सीरीज टीम-

शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), अबरार अहमद, अराफात मिन्हास, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, हारिस रऊफ, हसन नवाज, मुहम्मद गाजी गोरी (विकेटकीपर), नसीम शाह, रजाउल्लाह, साद बेग (विकेटकीपर), सईम अयूब, सलमान अली आगा, शादाब खान और सुफियान मोकिम।

यह भी पढ़े- महाराष्ट्र के हिंगोली में पटाखा गोदाम में भीषण आग, 2 की मौत; 12 झुलसे

महाराष्ट्र के हिंगोली में पटाखा गोदाम में भीषण आग, 2 की मौत; 12 झुलसे

Hingoli firecracker fire:

Hingoli firecracker fire: महाराष्ट्र के हिंगोली शहर में सोमवार को पटाखों के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। पटाखों की वजह से आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और गोदाम के अंदर लगातार धमाकों की आवाजें आने लगीं। हादसे में दो लोगों की झुलसने से मौत की खबर है, जबकि करीब 12 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Hingoli firecracker fire: घनी आबादी वाले इलाके में हुआ हादसा-

आग की यह घटना हिंगोली शहर की मारवाड़ी गली में हुई, जहां आसपास घनी आबादी है। गोदाम में अचानक आग लगने के बाद तेज धमाकों की आवाजें आने लगीं। आसमान में धुएं का बड़ा गुबार देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।

Hingoli firecracker fire: आग बुझाने पहुंची दमकल की गाड़ी भी चपेट में-

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, आग की लपटें और पटाखों के लगातार धमाकों के कारण स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण हो गई। आग बुझाने पहुंची दमकल विभाग की एक गाड़ी भी आग की चपेट में आ गई, जिससे राहत और बचाव अभियान में मुश्किलें बढ़ गईं।

2 लोगों की मौत, 12 गंभीर रूप से झुलसे-

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में दो लोगों की झुलसने से मौत हो गई है। करीब 12 लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं। घायलों को हिंगोली के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि कुछ घायलों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल मृतकों और घायलों की पूरी पहचान और स्थिति की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

रिहायशी इलाके में पटाखा गोदाम होने पर लोगों में गुस्सा-

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पटाखों का भंडारण किया गया था। धमाकों और धुएं के कारण आसपास के लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय लोग पटाखा गोदाम को रिहायशी इलाके में संचालित किए जाने को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

आग लगने की वजह अभी साफ नहीं-

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की ओर से घटना की जांच की जा रही है। हादसे में हुए कुल जान-माल और आर्थिक नुकसान का भी अभी सटीक आकलन नहीं हो पाया है। फिलहाल दमकल की टीमें आग पर काबू पाने और इलाके को सुरक्षित करने में जुटी हैं।

यह भी पढ़े- 28 हजार फीट नीचे आया ब्रिटिश एयरवेज का विमान, शिकागो जाने के बजाय लंदन में इमरजेंसी लैंडिंग 

28 हजार फीट नीचे आया ब्रिटिश एयरवेज का विमान, शिकागो जाने के बजाय लंदन में इमरजेंसी लैंडिंग

 BA295 flight emergency:

BA295 flight emergency: लंदन से शिकागो जा रही ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA295 को उड़ान के दौरान अचानक इमरजेंसी घोषित करनी पड़ी। विमान करीब 37 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी उसमें ऑपरेशनल समस्या सामने आई और विमान तेजी से नीचे आने लगा। करीब 28 हजार फीट नीचे आने के बाद विमान को वापस लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। घटना में किसी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है।

BA295 flight emergency: 37 हजार से 9 हजार फीट की ऊंचाई पर आया विमान-

ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA295 ने लंदन हीथ्रो के टर्मिनल-5 से शिकागो ओ’हारे इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी थी। विमान में बोइंग 777-200ER इस्तेमाल किया जा रहा था। उड़ान के करीब एक घंटे बाद विमान जब 37 हजार फीट की ऊंचाई पर पहुंचा, तब आयरिश हवाई क्षेत्र में अचानक ऑपरेशनल समस्या सामने आई। इसके बाद विमान तेजी से नीचे उतरने लगा और कुछ ही मिनटों में करीब 9 हजार फीट की ऊंचाई तक पहुंच गया।

BA295 flight emergency: क्रू ने जारी किया ‘Squawk 7700’-

विमान के तेजी से नीचे आने के कुछ ही समय बाद फ्लाइट क्रू ने ‘Squawk 7700’ कोड जारी किया। एविएशन में यह सामान्य इमरजेंसी का अंतरराष्ट्रीय संकेत है। आयरलैंड के ऊपर विमान ने यू-टर्न लिया और 9 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थिर होकर वापस लंदन हीथ्रो की ओर उड़ान भरी। फ्लाइट ट्रैकिंग सर्विस Flightradar24 ने भी विमान के Squawk 7700 सिग्नल भेजने की पुष्टि की।

हीथ्रो एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग-

विमान को एहतियात के तौर पर वापस लंदन लाया गया। उसके संभावित डायवर्जन के लिए कुछ एयरपोर्ट्स पर स्थानीय इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों को भी स्टैंडबाय पर रखा गया था। हालांकि, विमान आखिरकार सुरक्षित तरीके से लंदन हीथ्रो एयरपोर्ट पर उतर गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

Squawk 7700 का क्या मतलब है-

‘Squawk’ चार अंकों का एक कोड होता है, जिसे विमान का ट्रांसपोंडर एयर ट्रैफिक कंट्रोल को भेजता है। Squawk 7700 सामान्य इमरजेंसी का संकेत देता है। इस कोड से इमरजेंसी की सटीक वजह का पता नहीं चलता। तकनीकी खराबी, मेडिकल इमरजेंसी या ऑपरेशन से जुड़ी किसी अन्य समस्या की स्थिति में क्रू इस कोड का इस्तेमाल कर सकता है। ब्रिटिश एयरवेज ने अभी तक इस घटना की सटीक वजह नहीं बताई है।

फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भी आया था Squawk 7700-

यह घटना फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 की घटना के कुछ दिन बाद हुई है। 30 सितंबर को तेल अवीव जा रही इस फ्लाइट ने भी Squawk 7700 कोड जारी करने के बाद अपना रास्ता बदलकर तबुक की ओर रुख किया था। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, वह विमान भी कुछ ही मिनटों में हजारों फीट नीचे आया था।

अमेरिकी बॉम्बर विमानों की वापसी से भी जोड़ी जा रही घटना-

इसी बीच एक अमेरिकी अधिकारी ने रविवार को बताया कि ब्रिटेन में तैनात अमेरिकी लंबी दूरी के बॉम्बर विमानों को वापस अमेरिका भेज दिया गया है। यह फैसला एक अज्ञात नए खतरे के सामने आने के बाद लिया गया बताया गया है। अमेरिकी बॉम्बर विमान RAF फेयरफोर्ड में तैनात थे। हालांकि, अधिकारी ने विमानों को वापस बुलाने की वजह के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी। ऐसे में ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट में इमरजेंसी को लेकर भी सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। फिलहाल दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

यह भी पढ़े- ऑस्ट्रेलिया में अकाउंटेंट की नौकरी छोड़ी, भारत आकर बस गया विदेशी युवक, बोला- सपनों से बेहतर जिंदगी जी रहा हूं

ऑस्ट्रेलिया में अकाउंटेंट की नौकरी छोड़ी, भारत आकर बस गया विदेशी युवक, बोला- सपनों से बेहतर जिंदगी जी रहा हूं

Aussie Bhai:

Aussie Bhai: ऑस्ट्रेलिया के रहने वाले कंटेंट क्रिएटर एंडी इवांस इन दिनों भारत में काफी लोकप्रिय हैं। वह सोशल मीडिया पर ‘ऑसी भाई’ के नाम से जाने जाते हैं और भारतीय संस्कृति व यहां की जिंदगी से जुड़े वीडियो शेयर करते हैं। खास बात यह है कि एंडी पहले ऑस्ट्रेलिया में अकाउंटेंट की नौकरी करते थे, लेकिन भारत से जुड़ाव इतना बढ़ा कि उन्होंने अपनी नौकरी, घर और बाकी सबकुछ छोड़कर भारत में बसने का फैसला कर लिया।

Aussie Bhai: 2019 में पहली बार भारत आए थे एंडी-

एंडी इवांस को 2019 में KPMG की ओर से तीन महीने के प्रोजेक्ट के लिए भारत आने का मौका मिला था। उन्होंने यह ऑफर स्वीकार किया और भारत आ गए। तीन महीने के प्रोजेक्ट के लिए आए एंडी को भारत इतना पसंद आया कि वह करीब एक साल तक यहां रहे। इसके बाद कोरोना महामारी की शुरुआत में वह वापस ऑस्ट्रेलिया चले गए।

Aussie Bhai: भारतीय दोस्त की शादी में दोबारा आए भारत-

करीब तीन साल बाद एंडी के एक भारतीय दोस्त ने उन्हें अपनी शादी में शामिल होने के लिए भारत बुलाया। इस दौरान भारत लौटकर उन्हें यहां की जिंदगी पहले से भी ज्यादा पसंद आई। एंडी के दोस्त ने उनसे कहा कि अगर उन्हें भारत में रहना इतना पसंद है तो वह वापस आकर यहां रह सकते हैं। इसके बाद एंडी ने भारत में रहने का फैसला कर लिया।

नौकरी और घर छोड़कर भारत में बस गए-

एंडी ने बताया कि वह बिना किसी खास प्लान या नौकरी के भारत वापस आए थे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की नौकरी, घर और अपनी पुरानी जिंदगी छोड़ दी और भारत में रहने का फैसला किया। उनका कहना है कि दूसरे लोग यूके, कनाडा, अमेरिका या बाली जाने का सपना देखते हैं, लेकिन उन्होंने भारत को अपना घर बनाने का फैसला किया। एंडी के मुताबिक, यह उनकी जिंदगी का सबसे अच्छा फैसला साबित हुआ।

बोले- सपनों से भी बेहतर जिंदगी जी रहा हूं-

एंडी ने भारत के बारे में अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि इस देश ने उन्हें वह इंसान बनने का मौका दिया, जो वह हमेशा से बनना चाहते थे। उन्होंने कहा कि आज वह ऐसी जिंदगी जी रहे हैं, जो उनके सपनों से भी बेहतर है। एंडी को भारत की ऊर्जा, यहां के लोग, संस्कृति और समुदाय से जुड़ाव काफी पसंद है।

भारत आने के बाद शुरू किया कंटेंट क्रिएशन-

भारत आने के कुछ महीनों बाद एंडी ने वीडियो बनाना शुरू किया। शुरुआत में वह ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई करने के इच्छुक छात्रों के लिए कंटेंट बनाते थे। उनके वीडियो को अच्छा रिस्पॉन्स मिला और धीरे-धीरे उन्होंने फुल-टाइम कंटेंट क्रिएशन को अपना करियर बना लिया। अब एंडी यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर भारत से जुड़े वीडियो बनाते हैं और बड़े ब्रांड्स के साथ भी काम करते हैं। वह अपनी मौजूदा जिंदगी को अपने जीवन का शानदार सफर बताते हैं। एंडी का कहना है कि भारत में रहने के बाद उनका इस देश से प्यार हर दिन और बढ़ता जा रहा है।

यह भी पढ़े- भारत-स्विट्जरलैंड डील: 10 लाख रोजगार, 100 अरब डॉलर निवेश, भारतीयों को कई फायदे

यूपी की राजनीति का गढ़ बना प्रतापगढ़, 5 सांसदों के बाद अब छठे की बारी

Pratapgarh politics:

Pratapgarh politics: उत्तर प्रदेश की राजनीति में प्रतापगढ़ जिले का दबदबा लगातार बढ़ता जा रहा है। जिले से जुड़े पांच सांसद इस समय संसद में मौजूद हैं। अब बीजेपी ने राज्यसभा चुनाव के लिए राधा कांत ओझा को उम्मीदवार बनाया है। अगर वह चुनाव जीतते हैं तो प्रतापगढ़ से जुड़े सांसदों की संख्या छह हो जाएगी।

Pratapgarh politics: प्रतापगढ़ से जुड़े हैं ये 5 सांसद-

प्रतापगढ़ जिले से फिलहाल दो लोकसभा और तीन राज्यसभा सांसद जुड़े हैं। लोकसभा में समाजवादी पार्टी के शिवपाल सिंह पटेल प्रतापगढ़ सीट से सांसद हैं। वहीं, जिले से जुड़ी कौशांबी लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के पुष्पेंद्र सरोज सांसद हैं। वह देश के सबसे युवा सांसद हैं। राज्यसभा में प्रतापगढ़ से जुड़े तीन सांसद हैं। इनमें बीजेपी के अमरपाल मौर्य और कांग्रेस के इमरान प्रतापगढ़ी और प्रमोद तिवारी शामिल हैं। इमरान प्रतापगढ़ी मूल रूप से प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें महाराष्ट्र से राज्यसभा भेजा है।

Pratapgarh politics: राधा कांत ओझा की हो सकती है एंट्री-

उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए बीजेपी ने आठ उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इनमें प्रतापगढ़ निवासी राधा कांत ओझा का नाम भी शामिल है। राधा कांत ओझा, बीजेपी के पूर्व विधायक और यूपी के स्वास्थ्य मंत्री रह चुके शिवाकांत ओझा के छोटे भाई हैं। अगर वह राज्यसभा चुनाव जीतते हैं तो प्रतापगढ़ से जुड़े सांसदों की संख्या छह हो जाएगी।

प्रमोद तिवारी का भी रहा है लंबा राजनीतिक सफर-

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी प्रतापगढ़ की रामपुर खास विधानसभा सीट से नौ बार विधायक रह चुके हैं। 2014 में उनकी बेटी आराधना मिश्रा ने रामपुर खास सीट पर उपचुनाव जीतकर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया। आराधना मिश्रा अब तक रामपुर खास सीट से तीन बार विधायक चुनी जा चुकी हैं।

राजघरानों की राजनीति के लिए भी जाना जाता है प्रतापगढ़-

प्रतापगढ़ की राजनीति में ऐतिहासिक राजघरानों की भी बड़ी भूमिका रही है। आजादी के बाद लोकसभा चुनावों में कई बार राजघरानों से जुड़े नेताओं का दबदबा देखने को मिला। पूर्व केंद्रीय विदेश मंत्री राजा दिनेश सिंह प्रतापगढ़ से चार बार सांसद चुने गए थे। वह इंदिरा गांधी सरकार में प्रभावशाली मंत्रियों में शामिल रहे। उनकी बेटी राजकुमारी रत्ना सिंह भी कांग्रेस के टिकट पर तीन बार प्रतापगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। राजा अजीत प्रताप सिंह और उनके बेटे अभय प्रताप सिंह भी प्रतापगढ़ से सांसद रह चुके हैं।

राजा भैया का भी मजबूत प्रभाव-

प्रतापगढ़ के पश्चिमी हिस्से, खासकर कुंडा और बाबागंज की राजनीति में रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का लंबे समय से प्रभाव है। राजा भैया 1993 से लगातार कुंडा विधानसभा सीट से विधायक चुने जाते रहे हैं।

प्रतापगढ़ में हैं 7 विधानसभा सीटें-

प्रतापगढ़ जिले में कुल सात विधानसभा सीटें हैं। इनमें कुंडा, बाबागंज, रामपुर खास, प्रतापगढ़ सदर, पट्टी, रानीगंज और विश्वनाथगंज शामिल हैं। इस तरह प्रतापगढ़ न केवल अपने राजनीतिक इतिहास बल्कि मौजूदा समय में संसद में जिले से जुड़े नेताओं की मौजूदगी के कारण भी यूपी की राजनीति में खास पहचान बना रहा है।

यह भी पढ़े- भारत-स्विट्जरलैंड डील: 10 लाख रोजगार, 100 अरब डॉलर निवेश, भारतीयों को कई फायदे

भारत-स्विट्जरलैंड डील: 10 लाख रोजगार, 100 अरब डॉलर निवेश, भारतीयों को कई फायदे

India-Switzerland Deal:

India-Switzerland Deal: भारत और स्विट्जरलैंड के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए कई अहम समझौते हुए हैं। स्विस राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन की भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई बैठक में व्यापार, निवेश, रक्षा, परमाणु ऊर्जा, तकनीक और माइग्रेशन-मोबिलिटी समेत कई क्षेत्रों में सहयोग पर सहमति बनी। इन समझौतों से भारतीय छात्रों, युवाओं, प्रोफेशनल्स, स्टार्टअप्स और कंपनियों के लिए नए अवसर खुलने की उम्मीद है।

India-Switzerland Deal: भारतीयों को 5 साल तक का मल्टीपल-एंट्री वीजा-

माइग्रेशन और मोबिलिटी पार्टनरशिप एग्रीमेंट के तहत योग्य भारतीय नागरिकों को अधिकतम 5 साल तक वैध मल्टीपल-एंट्री वीजा की सुविधा मिल सकती है। हर यात्रा के दौरान छह महीने तक रुकने का प्रावधान होगा। छात्रों के लिए एक साल का नवीकरणीय छात्र परमिट भी उपलब्ध होगा।

India-Switzerland Deal: हर साल 300 युवा प्रोफेशनल्स को मौका-

भारत और स्विट्जरलैंड के बीच यंग प्रोफेशनल एग्रीमेंट भी हुआ है। इसके तहत हर साल दोनों देशों के 300 युवा प्रोफेशनल्स को दूसरे देश में अस्थायी रोजगार और पेशेवर अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा। जरूरत के अनुसार यह संख्या बढ़ाकर 500 तक की जा सकती है। इससे युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम करने, नए कौशल सीखने और पेशेवर अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।

रिसर्च और स्टार्टअप्स के लिए नए अवसर-

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और ज्यूरिख यूनिवर्सिटी ऑफ एप्लाइड साइंसेज के बीच हुए समझौतों से शुरुआती चरण के स्टार्टअप्स और वैज्ञानिकों के लिए अवसर बढ़ सकते हैं। AIT इंडिया कार्यक्रम के जरिए ग्लोबल प्लेटफॉर्म और फंडिंग के अवसर मिलने की उम्मीद है। स्वास्थ्य, स्वच्छ ऊर्जा और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान पर भी जोर दिया जाएगा।

100 अरब डॉलर निवेश और 10 लाख रोजगार का लक्ष्य-

भारत और स्विट्जरलैंड के बीच आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए अगले 15 वर्षों में भारत में 100 अरब डॉलर के निवेश और 10 लाख प्रत्यक्ष रोजगार का लक्ष्य रखा गया है। इससे निवेश, नवाचार और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

इन सेक्टरों में बढ़ सकता है कारोबार-

भारत की ओर से कृषि, दवा, वस्त्र और इंजीनियरिंग उत्पादों के निर्यात को बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। वहीं, जैव प्रौद्योगिकी, जीवन विज्ञान, बैंकिंग, बीमा और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में स्विस निवेश को बढ़ावा देने की कोशिश होगी।

इंफ्रास्ट्रक्चर में भी बढ़ेगा सहयोग-

दोनों देशों के बीच टिकाऊ इंफ्रास्ट्रक्चर, इलेक्ट्रिक वाहन, रोपवे, सर्कुलर इकोनॉमी और सुरंग निर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है। वाराणसी का रोपवे और नोएडा का जेवर एयरपोर्ट दोनों देशों के इंफ्रास्ट्रक्चर सहयोग के उदाहरण के तौर पर सामने आए हैं।

रक्षा और परमाणु ऊर्जा में भी साझेदारी-

भारत और स्विट्जरलैंड ने परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई है। इसके अलावा सैन्य आदान-प्रदान और रक्षा उत्पादन में सहयोग की संभावनाएं तलाशने पर भी जोर दिया गया है।

AI और वैश्विक शांति पर भी सहयोग-

दोनों देशों ने वैश्विक शांति, कूटनीति और वैश्विक संस्थाओं में सुधार की जरूरत पर जोर दिया। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भी सहयोग की संभावना है। अगले साल जिनेवा में होने वाले AI शिखर सम्मेलन के जरिए जिम्मेदार, समावेशी और मानव-केंद्रित AI को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया जाएगा।भारत-स्विट्जरलैंड की यह साझेदारी व्यापार और निवेश से आगे बढ़कर छात्रों, युवाओं, प्रोफेशनल्स, शोधकर्ताओं और कंपनियों के लिए नए अवसर खोल सकती है। हालांकि, इन समझौतों का वास्तविक असर इनके प्रभावी क्रियान्वयन पर निर्भर करेगा।

यह भी पढ़े- राजपाल यादव ने नहीं जमा किए 5 करोड़, सुप्रीम कोर्ट ने लगाई फटकार

राजपाल यादव ने नहीं जमा किए 5 करोड़, सुप्रीम कोर्ट ने लगाई फटकार

 Rajpal Yadav:

Rajpal Yadav: चेक बाउंस के सात मामलों में दोषी ठहराए गए अभिनेता राजपाल यादव को सुप्रीम कोर्ट ने अदालत के निर्देश के बावजूद 5 करोड़ रुपये जमा नहीं करने पर कड़ी फटकार लगाई। अदालत ने कहा कि उन्हें पता होना चाहिए कि कब बोलना है और टिप्पणी की कि “आपकी जगह जेल में है।”

Rajpal Yadav: 5 करोड़ जमा करने का दिया था वादा-

सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने गौर किया कि राजपाल यादव ने 5 अक्टूबर तक अदालत की रजिस्ट्री में 5 करोड़ रुपये जमा करने का वादा किया था, लेकिन तय समय तक रकम जमा नहीं की गई। उनकी ओर से अदालत में 50 लाख रुपये के डिमांड ड्राफ्ट की प्रति पेश की गई और बताया गया कि बैंक में इसका भुगतान कराया जा रहा है।

Rajpal Yadav: डिमांड ड्राफ्ट पर कोर्ट ने उठाए सवाल-

राजपाल यादव के वकील ने बताया कि डिमांड ड्राफ्ट बैंक में है और उसकी प्रक्रिया चल रही है। इस पर बेंच ने सवाल किया कि डिमांड ड्राफ्ट असली है या नहीं, यह अदालत को पता नहीं है।

शिकायतकर्ता को लेकर वकील की टिप्पणी पर भड़के जज-

सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता की ओर से कहा गया कि राजपाल यादव फिल्म अभिनेता हैं और अदालत में भी एक्टिंग कर रहे हैं। इसके जवाब में राजपाल यादव के वकील ने कहा कि शिकायतकर्ता गरीब नहीं हैं। इस पर जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि शिकायतकर्ता उनसे ज्यादा अमीर हो सकते हैं, लेकिन जितनी रकम उनसे ली गई है, उस हद तक वे गरीब हैं। उन्होंने कहा कि इस अहंकार को सही जगह दिखाना होगा और राजपाल यादव को पता होना चाहिए कि कब मुंह खोलना है।

कोर्ट ने दिया आखिरी मौका-

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच राजपाल यादव की दोषसिद्धि और तीन महीने की सजा को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई कर रही थी। अदालत ने कहा कि वह याचिका खारिज करने पर विचार कर रही है, लेकिन शिकायतकर्ता को रकम मिलने का मौका देने के लिए अभिनेता को आखिरी अवसर दिया जा रहा है।

15 सितंबर को भी मिला था मौका-

इससे पहले 15 सितंबर को भी सुप्रीम कोर्ट ने राजपाल यादव को रकम जमा करने का मौका दिया था। साथ ही सरेंडर से मिली अंतरिम राहत को 5 अक्टूबर तक बढ़ाया गया था। इसके बावजूद 5 करोड़ रुपये जमा नहीं होने पर अदालत ने सुनवाई के दौरान सख्त रुख अपनाया।

यह भी पढ़े- राज्यसभा चुनाव: BJP ने जारी की 8 उम्मीदवारों की लिस्ट, हरदीप पुरी का टिकट कटा

राज्यसभा चुनाव: BJP ने जारी की 8 उम्मीदवारों की लिस्ट, हरदीप पुरी का टिकट कटा

BJP Rajya Sabha Candidates:

BJP Rajya Sabha Candidates: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए 8 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा को इस बार दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया गया है।

BJP Rajya Sabha Candidates: इन 8 नेताओं को मिला राज्यसभा का टिकट-

बीजेपी की ओर से घोषित उम्मीदवारों में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार शामिल हैं। पार्टी ने इस बार मौजूदा सांसदों की जगह नए चेहरों को मौका दिया है।

BJP Rajya Sabha Candidates: दो महिला उम्मीदवारों को भी मौका-

बीजेपी की सूची में दो महिला उम्मीदवारों को जगह मिली है। इनमें पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत और श्रुति गंगवार शामिल हैं। दोनों को उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया गया है।

सामाजिक समीकरण का भी रखा गया ध्यान-

उम्मीदवारों की सूची में अलग-अलग सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। रिपोर्टों के मुताबिक, आठ उम्मीदवारों में तीन OBC, दो SC और तीन सामान्य वर्ग से हैं।

हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा का टिकट कटा-

बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा को उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया है। दोनों मौजूदा राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने वाला है। पार्टी की नई सूची में यूपी के किसी भी मौजूदा बीजेपी राज्यसभा सांसद को दोबारा टिकट नहीं मिला है।

16 अक्टूबर को होगा राज्यसभा चुनाव-

उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होना है। बीजेपी ने इन सीटों के लिए अपने 8 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं।

यह भी पढ़े- कॉकरोच विकल्प क्यों नहीं देना चाहते, कांग्रेस और केजरीवाल को लेकर क्या राय है?

कॉकरोच विकल्प क्यों नहीं देना चाहते, कांग्रेस और केजरीवाल को लेकर क्या राय है?

Opinion: कॉकरोच विकल्प क्यों नहीं देना चाहते, कांग्रेस और केजरीवाल को लेकर क्या राय है?

Opinion: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 10 अक्टूबर को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी के नेता देश के युवाओं को दिशा देने और व्यवस्था में सुधार की बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं। यह उनका लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन समझ में नहीं आता है कि जब … Read more

फ्लाईदुबई विमान का कॉकपिट नहीं खुलता तो इजरायली पीएम को देना पड़ता बड़ा आदेश, टल सकता था भयानक हादसा

 Flydubai cockpit incident:

Flydubai cockpit incident: फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हुई घटना ने सभी को हैरान कर दिया। करीब 180 लोगों की जान बचाने के लिए कैप्टन स्मित मच्छार ने अपनी जान की परवाह किए बिना विमान का कंट्रोल संभाला। इस पूरे घटनाक्रम में सबसे खौफनाक पल वह था, जब उन्हें कॉकपिट का दरवाजा खोलने के लिए अपनी पूरी ताकत लगानी पड़ी।

Flydubai cockpit incident: को-पायलट के हमले में घायल हुए कैप्टन

स्मित मच्छार को उनके को-पायलट ने कुल्हाड़ी से घायल कर दिया था। घायल होने के बावजूद वह किसी तरह घिसटते हुए कॉकपिट तक पहुंचे। उन्होंने एक बार कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की, लेकिन को-पायलट ने उसे दोबारा बंद कर दिया। इसके बाद मच्छार ने अपनी आखिरी ताकत लगाकर दरवाजा खोलने और विमान का कंट्रोल अपने हाथों में लेने की कोशिश की।

Flydubai cockpit incident: मच्छार ने सुनाई पूरी आपबीती

शनिवार को कैप्टन स्मित मच्छार ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि हमले में घायल होने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि विमान तेजी से नीचे जा रहा था। उन्होंने बताया कि कॉकपिट के बाहर उन्हें विमान की आवाज और यात्रियों के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दे रही थी। उन्हें लगा कि उनके पास अब सिर्फ एक आखिरी कोशिश करने की ताकत बची है। इसके बाद उन्होंने दरवाजा खोलने के लिए पूरी ताकत लगा दी और विमान का कंट्रोल संभाल लिया।

नेतन्याहू ने की कैप्टन की बहादुरी की तारीफ

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मुश्किल हालात में भी मच्छार की शांत रहकर सही फैसला लेने की क्षमता ने उन्हें हैरान कर दिया। नेतन्याहू ने उन्हें पूरी दुनिया का हीरो बताया।

कॉकपिट का दरवाजा नहीं खुलता तो क्या होता

इस घटना का सबसे गंभीर पहलू यह था कि अगर कैप्टन समय रहते विमान का कंट्रोल अपने हाथ में नहीं लेते, तो स्थिति और भयावह हो सकती थी। खबर के मुताबिक, इजरायल में विमान हाईजैक होने की स्थिति में अगर विमान चेतावनियों के बावजूद एयर स्पेस में उड़ता रहे, तो उस पर कार्रवाई का प्रावधान है। ऐसे में अगर समय रहते विमान को नियंत्रित नहीं किया जाता, तो उसे तोपों या मिसाइलों से गिराए जाने की स्थिति पैदा हो सकती थी। विमान में 174 यात्री और 6 क्रू मेंबर मौजूद थे। हालांकि, कैप्टन की बहादुरी से बड़ा हादसा होने से बच गया।

यह भी पढ़े- IND vs WI: फ्री में कैसे देखें भारत-वेस्टइंडीज पहला T20I? जानें LIVE स्ट्रीमिंग की पूरी डिटेल