Assam Results 2026: असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए 9 अप्रैल 2026 को मतदान पूरा हुआ, जिसमें इस बार रिकॉर्ड 85.38% वोटिंग दर्ज की गई। आज सुबह 8 बजे से राज्य की सभी 126 सीटों पर मतगणना शुरू हो चुकी है। शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी बढ़त बनाती नजर आ रही है, जबकि अंतिम नतीजे शाम तक आने की संभावना है।
11 बजे तक के रुझान: बीजेपी सबसे आगे
सुबह 11 बजे तक के चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, बीजेपी 78 सीटों पर आगे चल रही है। इसके अलावा कांग्रेस 25 सीटों पर, बीओपीएफ 10 सीटों पर, एजीपी 10 सीटों पर और एएसएमजेटीवाईपी 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।
असम बीजेपी अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा कि राज्य में अब एक भी बांग्लादेशी घुसपैठिया नहीं बचेगा। उन्होंने इसे भाजपा की बड़ी जीत बताते हुए कहा कि यह नतीजे हिंदुत्व, विकास, हिमंत बिस्वा सरमा और नरेंद्र मोदी की नीतियों पर जनता के भरोसे को दिखाते हैं।

बिन्नाकांडी सीट: बदरुद्दीन अजमल आगे
एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल बिन्नाकांडी विधानसभा सीट पर 1019 वोटों से आगे चल रहे हैं।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा जालुकबारी सीट से 5989 वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं। उनके मुकाबले कांग्रेस की उम्मीदवार विदिशा नेगी 1010 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
जोरहाट सीट: बीजेपी आगे, गौरव गोगोई पीछे
जोरहाट विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार हितेंद्र नाथ गोस्वामी 14007 वोटों के साथ आगे हैं, जबकि कांग्रेस नेता गौरव गोगोई 9875 वोटों के साथ पीछे चल रहे हैं।
Assam Results 2026: एनडीए सरकार फिर बनने का दावा
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि नतीजे पार्टी की उम्मीद के मुताबिक होंगे और बीजेपी के नेतृत्व में एनडीए सरकार फिर से बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सहयोगी दलों के साथ मिलकर गठबंधन करीब 100 सीटों तक पहुंच सकता है।
मतगणना के दौरान कुछ सीटों पर रुझान बदलते भी नजर आए। एक समय जालुकबारी सीट पर हिमंत बिस्वा सरमा आगे थे, वहीं जोरहाट सीट पर गौरव गोगोई बढ़त बनाते दिखे थे।
ताजा रुझान: बीजेपी की बढ़त बरकरार
ताजा रुझानों के अनुसार बीजेपी 83 सीटों पर आगे बताई जा रही है, जबकि कांग्रेस 27 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है और अन्य दल 2 सीटों पर आगे हैं। इससे पहले के रुझानों में भी बीजेपी 69 सीटों पर आगे थी, जबकि कांग्रेस 19 सीटों पर सिमटी हुई नजर आ रही थी।








