Damoh Child Murder Case: मध्यप्रदेश के दमोह जिले में 3 साल के मासूम बच्चे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बच्चे का शव घर से करीब 50 मीटर दूर भूसे के ढेर में मिला। शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। घटना तेजगढ़ थाना क्षेत्र के महुआखेड़ा गांव की है।
मृतक की पहचान 3 वर्षीय अनिरुद्ध के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर वह घर के आंगन में खेल रहा था, तभी अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने गांव और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। ग्रामीणों की सूचना पर 70 फीट गहरे कुएं का पानी खाली कराकर भी तलाशी ली गई।
एक दिन बाद मिला शव
शनिवार दोपहर बच्चे का शव घर के पास भूसे के ढेर पर मिला। सूचना मिलने के बाद एसपी आनंद कलादगी मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में मामला हत्या का माना जा रहा है।
पुलिस ने गांव के ही एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं सागर से एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित रखते हुए साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Damoh Child Murder Case: पिता बोले- कोई अनजान व्यक्ति बेटे को ले गया
बच्चे के पिता माखन सिंह ने बताया कि शुक्रवार दोपहर अनिरुद्ध घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान कोई अनजान व्यक्ति उसे उठाकर ले गया। काफी देर तक बच्चा दिखाई नहीं दिया तो परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
Damoh Child Murder Case: सफेद कार और बाइक सवार पर शक
ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ बच्चों ने गांव के स्कूल के पास एक सफेद कार खड़ी देखी थी। आशंका जताई जा रही है कि कार सवार लोग बच्चे को अपने साथ ले गए। इसके अलावा घटना के समय गांव में एक बाइक सवार व्यक्ति बच्चों को चिप्स बेचने आया था, जिससे ग्रामीणों का शक और बढ़ गया है।
पुलिस ने शुरू की गहन जांच
एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया ने बताया कि शुक्रवार शाम इमलिया चौकी पुलिस को बच्चे के अपहरण की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत मामला दर्ज कर सर्चिंग शुरू की गई। शनिवार सुबह डॉग स्क्वॉड और एसडीआरएफ टीम भी मौके पर पहुंची। इसी दौरान बच्चे का शव बरामद हुआ। पुलिस का कहना है कि एफएसएल टीम की जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा।








