Hormuz Strait: होर्मुज स्ट्रेट में मंगलवार सुबह दो व्यापारिक जहाजों पर हुए हमलों के बाद भारत ने कड़ा रुख अपनाया है। विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास के उप प्रमुख (डिप्टी चीफ ऑफ मिशन) को तलब कर अपना विरोध दर्ज कराया। मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर हमलों की निंदा करते हुए कहा कि ऐसे हमले तुरंत बंद होने चाहिए और समुद्री व्यापार की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
30 भारतीय नाविक प्रभावित, एक की मौत
विदेश मंत्रालय के अनुसार, हमले का शिकार बने दोनों जहाजों पर कुल 30 भारतीय नाविक सवार थे। इनमें एक भारतीय की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हुए हैं। भारत सरकार ने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही जानकारी दी गई कि भारत से जुड़े 11 जहाज और 148 भारतीय नाविक फिलहाल फारस की खाड़ी में फंसे हुए हैं और होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित गुजरने का इंतजार कर रहे हैं।
Hormuz Strait: भारत ने बातचीत और कूटनीति पर दिया जोर
विदेश मंत्रालय ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर चिंता जताते हुए सभी पक्षों से हिंसा रोकने और कूटनीतिक समाधान अपनाने की अपील की है। भारत ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट जैसे अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर जहाजों की निर्बाध और सुरक्षित आवाजाही वैश्विक व्यापार के लिए बेहद जरूरी है।
Hormuz Strait: अमेरिका-ईरान तनाव और बढ़ा
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर पांच घंटे तक बमबारी की। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों के कार्गो पर 20 प्रतिशत शुल्क लगाने की बात कही। इसके जवाब में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि समुद्री सुरक्षा की जिम्मेदारी हमेशा से ईरान निभाता आया है और वह उचित शुल्क लेने का अधिकार रखता है।
रूस का स्पेशल विमान ….
तनाव के बीच रूस का विशेष कमांड एयरक्राफ्ट Tu-214PU तेहरान पहुंचा है, जिसे युद्धकालीन कमांड सेंटर के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। वहीं ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा ने ट्रम्प के टोल प्रस्ताव की आलोचना करते हुए इसे “समुद्री डकैती” करार दिया। दूसरी ओर, ईरान की संसद ने अमेरिका विरोधी रुख रखने वाले दो वरिष्ठ नेताओं को अहम संसदीय पदों से हटा दिया है।
यह भी पढे़ : छतरपुर में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर के भाई पर फायरिंग का आरोप, युवक गंभीर घायल








