Home » उत्तर प्रदेश » रबर बॉय ने पेड़ की डाल पर किया योग: काशी में क्रूज और पानी के अंदर हुए आसन, 8 साल की बच्ची का प्रदर्शन देख लोग दंग

रबर बॉय ने पेड़ की डाल पर किया योग: काशी में क्रूज और पानी के अंदर हुए आसन, 8 साल की बच्ची का प्रदर्शन देख लोग दंग

रबर बॉय ने पेड़ पर किया योग, 8 साल की बच्ची ने चौंकाया

International Yoga Day: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पूरे उत्तर प्रदेश में बड़े उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी किले में करीब 45 मिनट तक योगाभ्यास किया। वहीं, प्रयागराज से लेकर काशी, गोंडा, अयोध्या और अन्य जिलों में हजारों लोगों ने सामूहिक योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश

झांसी में आयोजित योग दिवस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि योग को हर व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति का शरीर योग से मजबूत और स्वस्थ होता है, उसके जीवन में रोग और समय से पहले बुढ़ापा नहीं आता।मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने भारत की प्राचीन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को पूरी दुनिया में नई पहचान दिलाई है। इससे 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान बढ़ा है और विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में सकारात्मक सोच को बल मिला है।

राज्यपाल और उपमुख्यमंत्रियों ने भी किया योग

योग दिवस के अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जनभवन में योगासन किए और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्राणायाम किया, जबकि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में योगाभ्यास के साथ स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की शपथ भी ली।कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने मुरादाबाद में योग किया। प्रयागराज के संगम तट पर हजारों लोगों ने एक साथ योगासन कर कार्यक्रम को सफल बनाया।

संभल में माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने योग करते हुए कहा कि योग प्रत्येक व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। उनका कहना था कि शरीर स्वस्थ रहेगा तो मन और मस्तिष्क भी स्वस्थ रहेंगे। उन्होंने योग का विरोध करने वालों की सोच को संकीर्ण बताते हुए ऐसी मानसिकता छोड़ने की सलाह दी।

International Yoga Day: रबर बॉय ने पेड़ पर किया योग, 8 साल की बच्ची ने चौंकाया
रबर बॉय ने पेड़ पर किया योग, 8 साल की बच्ची ने चौंकाया

International Yoga Day: रबर बॉय ने पेड़ की डाल पर किया योग

प्रयागराज में माघ मेले के दौरान ‘रबर बॉय’ के नाम से प्रसिद्ध हुए आदर्श पांडेय ने इस बार पेड़ की डाल पर चढ़कर योगासन किए। मूल रूप से मध्यप्रदेश के रीवा निवासी आदर्श अपनी लचीली योग कला के कारण पहले भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर चुके हैं। माघ मेले में उनके प्रदर्शन के वीडियो काफी वायरल हुए थे।

वाराणसी में गंगा नदी के बीच चल रहे क्रूज पर महिलाओं और अन्य प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षक ऐश्वर्या ने बताया कि वे ऑनलाइन माध्यम से देश और दुनिया के लोगों को योग से जोड़ती हैं। योग दिवस के अवसर पर उन्होंने गंगा के मध्य लोगों को योग कराया, जिसमें पांच देशों के लोग ऑनलाइन भी शामिल हुए।

गोंडा की 8 साल की बच्ची बनी आकर्षण का केंद्र

गोंडा में अपर आयुक्त प्रशासन मीनू राणा की आठ वर्षीय बेटी अन्विति राणा ने कठिन योगासन और प्राणायाम करके लोगों को योग सिखाया। उनकी प्रतिभा को देखते हुए उन्हें जिले का योग आइकॉन भी बनाया गया है। छोटी उम्र में जटिल आसनों को सहजता से करते देख लोग आश्चर्यचकित रह गए।

प्रयागराज में संगम नोज पर आयोजित कार्यक्रम में योग के बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शपथ ली। उन्होंने स्वयं, परिवार, कार्यक्षेत्र, समाज और पूरे विश्व के प्रति जिम्मेदार रहने का संकल्प लिया। साथ ही शांति, स्वास्थ्य, आनंद और स्वस्थ जीवनशैली के प्रचार-प्रसार के लिए कार्य करने तथा दूसरों को भी प्रेरित करने की बात कही।

राम मंदिर परिसर में भी हुआ योगाभ्यास

अयोध्या के राम मंदिर परिसर में पुजारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने सामूहिक रूप से योग किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और योग के महत्व को समझा।संभल में करीब 500 लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने भाग लिया।

गोरखपुर में भी योग दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए। इस दौरान मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने योगाभ्यास कर लोगों को स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।

अस्सी घाट पर 500 लोगों ने किया योग

वाराणसी के प्रसिद्ध अस्सी घाट पर सुबह आयोजित कार्यक्रम में लगभग 500 लोगों ने एक साथ योग किया। बनारस मंच पर हुए इस आयोजन में स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।बरेली में योग कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि योग करने से राहु-केतु से जुड़ी समस्याओं का भी समाधान संभव है। उन्होंने सूर्य नमस्कार का विरोध करने वालों पर भी टिप्पणी की।

सहारनपुर के डॉक्टर भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, विधायक राजीव कुमार, एमएलसी शाहनवाज खान और जिलाधिकारी अरविंद सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने योगाभ्यास किया।

190 से अधिक देशों में मनाया जाता है योग दिवस

आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस केवल भारत तक सीमित नहीं है। दुनिया के 190 से अधिक देशों में इसे मनाया जाता है। योग को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना जाता है और इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।

रबर बॉय ने पेड़ पर किया योग, 8 साल की बच्ची ने चौंकाया
रबर बॉय ने पेड़ पर किया योग, 8 साल की बच्ची ने चौंकाया

योग करने का सही समय क्या है?

सुबह का समय सबसे बेहतर

मेडिकल विशेषज्ञों के अनुसार योग करने के लिए सुबह का समय सबसे उपयुक्त माना जाता है। अमेरिकन कॉलेज ऑफ स्पोर्ट्स मेडिसिन (ACSM) के मुताबिक सुबह व्यायाम करने से नियमितता बनाए रखना आसान होता है और मानसिक ऊर्जा भी बढ़ती है। इस समय शरीर स्वाभाविक रूप से अधिक सक्रिय रहता है।

खाली पेट योग करना क्यों जरूरी?

अमेरिका के नेशनल सेंटर फॉर कॉम्प्लिमेंटरी एंड इंटीग्रेटिव हेल्थ (NCCIH) के अनुसार भोजन करने के तुरंत बाद योग करने से पेट में असहजता, एसिडिटी और मतली जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए विशेषज्ञ भोजन के कम से कम 2 से 3 घंटे बाद ही योग करने की सलाह देते हैं। खाली पेट योग करने से शरीर अधिक सहजता से विभिन्न आसनों का अभ्यास कर पाता है।