Home » Foreign Affairs » अमेरिका-ईरान तनाव चरम पर: ट्रंप की धमकी से बढ़ी हलचल, होर्मुज स्ट्रेट बंद करने की चेतावनी से दुनिया चिंतित

अमेरिका-ईरान तनाव चरम पर: ट्रंप की धमकी से बढ़ी हलचल, होर्मुज स्ट्रेट बंद करने की चेतावनी से दुनिया चिंतित

Iran crisis: मिडिल ईस्ट में तनाव एक बार फिर तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक सख्त बयान ने हालात और अधिक गंभीर कर दिए हैं। ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर तेहरान ने लेबनान में अपने कथित प्रॉक्सी नेटवर्क को रोकने में कदम नहीं उठाए, तो अमेरिका “बहुत जोरदार हमला” करने से पीछे नहीं हटेगा। ट्रंप ने यह बयान अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा कि पिछले हफ्ते किए गए हमलों से भी ज्यादा ताकतवर कार्रवाई की जा सकती है।

ईरान की जवाबी चेतावनी: होर्मुज स्ट्रेट बंद करने की धमकी

ट्रंप के बयान से पहले ईरान की संयुक्त सैन्य कमान ने एक बड़ा कदम उठाते हुए होर्मुज स्ट्रेट को बंद करने की बात कही थी। ईरान का कहना है कि यह निर्णय लेबनान में इजरायल की सैन्य कार्रवाई के जवाब में लिया गया है। ईरान ने अमेरिका पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। तेहरान का कहना है कि अमेरिका ने युद्ध समाप्ति से जुड़े अपने वादों का पालन नहीं किया और “बदनीयती” दिखाई है। ईरान ने साफ चेतावनी दी है कि अगर हालात ऐसे ही बने रहे, तो आगे और सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।

Iran crisis: स्विट्जरलैंड में अमेरिका-ईरान वार्ता जारी

इस बीच यूरोप में तनाव कम करने की कोशिशें भी जारी हैं। स्विट्जरलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच उच्च स्तरीय बातचीत चल रही है। इस वार्ता में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि जेडी वेंस ने ईरान के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात की है। इनमें ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और संसद स्पीकर मोहम्मद बाकर कालीबाफ जैसे बड़े नाम शामिल हैं। यह मुलाकात स्विट्जरलैंड के ल्यूसर्न झील के पास एक रिजॉर्ट में हो रही है, जहां पाकिस्तान और कतर जैसे मध्यस्थ भी मौजूद हैं।

लेबनान संघर्ष बना बड़ी बाधा

Iran crisis: लेबनान में इजरायल और ईरान समर्थित हिज्बुल्लाह के बीच जारी संघर्ष इस पूरी कूटनीतिक प्रक्रिया के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा है। अमेरिका की कोशिश है कि ईरान के साथ परमाणु कार्यक्रम पर कोई समझौता हो और होर्मुज स्ट्रेट को खुला रखा जा सके। वार्ता से पहले ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने संकेत दिया है कि इस बैठक में सबसे बड़ा मुद्दा इजरायल-लेबनान संघर्ष ही रहेगा। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव, होर्मुज स्ट्रेट को लेकर धमकी और मध्य पूर्व में जारी संघर्ष ने वैश्विक चिंता बढ़ा दी है। हालांकि स्विट्जरलैंड में चल रही बातचीत से कूटनीतिक समाधान की उम्मीद अभी भी बरकरार है, लेकिन हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं।

 

ये भी पढ़ें: NEET अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट पर रुके PM मोदी, ट्रैफिक प्रभावित न हो इसलिए लिया फैसला