Home » Breaking News » पेजेशकियान का बड़ा दावा- ‘ईरान ने युद्ध शुरू नहीं किया’, 48 घंटे में कब्जे की थी योजना

पेजेशकियान का बड़ा दावा- ‘ईरान ने युद्ध शुरू नहीं किया’, 48 घंटे में कब्जे की थी योजना

Iran War: अमेरिका और इजरायल के साथ जारी संघर्ष के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि युद्ध ईरान ने शुरू नहीं किया था। पेजेशकियान के मुताबिक, विरोधियों ने सैन्य दबाव के जरिए ईरान को कमजोर करने और देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश की, लेकिन उनकी योजना कामयाब नहीं हुई। 7 अगस्त को ईरानी सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित एक इंटरव्यू में पेजेशकियान ने कहा कि संघर्ष शुरू होने से पहले ईरान बातचीत के जरिए विवाद का समाधान निकालने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने दावा किया कि दूसरी तरफ से सैन्य दबाव बढ़ाया गया, जिसके बाद हालात युद्ध में बदल गए।

’48 घंटे में ईरान पर कब्जे की थी योजना’

पेजेशकियान ने दावा किया कि उनके विरोधियों ने सीरिया की तर्ज पर 48 घंटे के भीतर ईरान पर कब्जा करने की योजना बनाई थी। हालांकि, उनके मुताबिक ईरान ने अपनी सैन्य क्षमता का इस्तेमाल करते हुए इस योजना को विफल कर दिया। ईरानी राष्ट्रपति ने कहा कि मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद उनका देश मजबूती से खड़ा है और मौजूदा घटनाक्रम ने साबित किया है कि ईरान को आसानी से कमजोर या अस्थिर नहीं किया जा सकता।

Iran War: मुस्लिम देशों से एकजुट होने की अपील

पेजेशकियान ने मुस्लिम देशों से एकजुट होने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि मुस्लिम देश अगर एकजुट रहें तो बाहरी ताकतों की साजिशों और चुनौतियों का मजबूती से सामना किया जा सकता है।

मोजतबा खामेनेई को लेकर भी बोले

ईरानी राष्ट्रपति ने नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में मोजतबा खामेनेई से बातचीत करना मुश्किल है, लेकिन उनकी मौजूदगी ईरान की ताकत है। मोजतबा खामेनेई के सार्वजनिक रूप से कम नजर आने को लेकर सुरक्षा संबंधी चर्चाएं होती रही हैं। पेजेशकियान ने ऐसे समय में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया है जब ईरान गंभीर सैन्य और राजनीतिक दबाव का सामना कर रहा है।

Iran War: ट्रंप ने भी युद्ध खत्म होने की जताई थी उम्मीद

पेजेशकियान के बयान के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 6 अगस्त को ईरान के साथ संघर्ष जल्द खत्म होने की उम्मीद जताई थी। ऐसे में ईरानी राष्ट्रपति का ताजा बयान दोनों देशों के बीच जारी तनाव के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ये भी पढ़े… Ajinkya Rahane: अजिंक्य रहाणे ने क्यों लिया संन्यास? खुद कैमरे के सामने आकर खोला राज, बताई आगे की पूरी कहानी